प्रतिनिधि,जमशेदपुर।साइबर ठग एक बार फिर से शहर में सक्रिय हो गए हैं। जिसके तहत साइबर ठगों ने केवाइसी अपडेट करवाने के लिए लिंक भेजकर जुगसलाई और मानगो के दो लोगों के खाते से 2.51 लाख रुपए उड़ा लिए। जिसके बाद एक मामला जुगसलाई थाने में दर्ज कराया गया। जबकि दूसरा मामला बिष्टुपुर स्थित साइबर थाने में दर्ज किया गया। फिलहाल पुलिस दोनों ही मामले की जांच कर रही है।





पहला मामला





मानगो ओल्ड पुरूलिया रोड चाणक्यपुरी निवासी ब्रजेंद्रनाथ ओझा ने मामले में कहा कि उनका खाता बिष्टुपुर स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में है। 23 जनवरी को उनके मोबाइल पर कॉल आया और कॉल करने वाले ने बताया कि वह एक्सेस गैस एजेंसी से बोल रहा है। साथ ही उसने केवाइसी अपडेट करने की बात भी कही। जिसके लिए उसने मोबाइल पर क्विक सपोर्ट एप भी डाउनलोड करवाया। जिसके बाद गूगल पे के माध्यम से 10 रुपए भुगतान करने के लिए कहा। वहीं भुगतान करते ही मोबाइल में रुपए निकासी होने का मैसेज आने लगा। इस बीच कुल चार बार में 1.24 लाख रुपए की निकासी कर ली गई। जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत थाने से की।





दूसरा मामला





जुगसलाई गर्ल्स स्कूल पोस्ट ऑफिस रोड निवासी बासु माहेश्वरी ने मामले में कहा कि 31 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक लिंक के माध्यम से मैसेज भेजा गया था। उस लिंक पर उन्होंने रात्रि 8 बजे क्लिक किया। जिसके बाद रात्रि 9 बजे के बाद मोबाइल पर रुपए निकासी होने का तीन बार मैसेज आया। इस दौरान एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से कुल 1.27 लाख रुपए की निकासी कर ली गई। रुपये की निकासी होने के बाद उन्होंने एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड के नंबर पर फोन कर कार्ड को ब्लॉक करवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।