जमशेदपुर।शहर के बिस्टुपुर मेन रोड स्थित खादी भंडार से लेकर थाना तक रविवार की सुबह कोरोना महामारी के लगभग दो सालों बाद टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडरी सेवा प्रदाता कंपनी टाटा स्टील यूटिलिटी एंड इन्फ्राट्रक्चर लिमिटेड पूर्व में जुस्को द्वारा जैम स्ट्रीट का आयोजन किया गया।इस दौरान महिला और पुरुषों के साथ साथ बच्चों ने भी खूब धमाल मचाया। क्या बूढ़े, क्या जवान और क्या बच्चे, सभी ने मिलकर खूब मस्ती की। वहीं जैम स्ट्रीट में पहुंचे लोगों ने अपने हुनर से सभी का जोरदार तरीके से मनोरंजन भी किया।
बताते चलें कि जैम स्ट्रीट का पूरे 2 सालों बाद आयोजन हुआ है। जबकि कोरोना काल में इस पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। यह नजारा देखकर ऐसा लग रहा था कि रविवार की सुबह मानो पूरा शहर सड़क पर उतर आया हो। इस दौरान कोई डांस कर रहा था तो कोई अपनी कला दिखाने में व्यस्त था और तो और लोग अपने हाथों में टैटू बनाने में भी मग्न थे। सड़क पर ही खाने-पीने के व्यंजनों का भरमार लगा हुआ था। दो साल पहले विदेशों के तर्ज पर ही जैम स्ट्रीट का आयोजन होता था। मगर कोरोना के कारण यह बन्द था।
सुबह सुबह जब जैम स्ट्रीट की शुरुआत बिष्टुपुर में हुई तो कड़ाके की ठण्ड होने के बावजूद बच्चों के साथ साथ हर वर्ग के लोगों ने इसका लुफ्त उठाया। जैम स्ट्रीट में शामिल होने के लिए सुबह से ही हर तबके के लोग बिष्टुपुर पहुंचने लगे थे। जबकि मौके पर टाटा स्टील यूएसआईएल कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन की सुकन्या दास ने कहा कि हर इंसान को स्वस्थ रहने के लिए सुबह कुछ ना कुछ एक्टिविटी करना चाहिए। आज सुबह युवा वर्ग बैंड पर थिरक रहे थे तो खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को दिखा रहे थे तो कोई सुन्दर से सुन्दर कला कृति को सड़को के बीच बना रहा था। जिससे लोगों में काफी उत्साह का माहौल था। टाटा स्टील जनता की सेवा के लिए समय-समय पर ऐसी एक्टिविटी करती रहती है और हम आगे भी कोशिश करेंगे कि कैसे शहर के लोगों को स्वस्थ और खुशहाल रख सकें।





