लखनऊ। उत्तर प्रदेश 2022 विधानसभा चुनाव के चुनावी रण में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज करने के बाद मौजूदा यूपी भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को मंत्री बना दिया है।स्वतंत्र देव सिंह के योगी सरकार में मंत्री बनने के बाद नया प्रदेश अध्यक्ष चुना जाना है, लेकिन भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है।यह सस्पेंस आज शनिवार खत्म हो सकता है।भाजपा आज यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा कर सकती है।





मिली जानकारी के‌ अनुसार कल रविवार को सूबे की राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होने जा रही है।इस बैठक से पहले नए प्रदेश अध्यक्षण की घोषण हो सकती है। बताया जा रहा है कि पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान करेगी।यूपी भाजपा कार्यसमिति की बैठक से एक दिन पहले पार्टी के महामंत्रियों की बैठक बुलाई गई है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि आज नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है।





भाजपा ऐसे चेहरे पर दांव लगाना चाहती है जो भाजपा की नीतियों को निचले स्तर तक ले जाने में कामयाब हो। ऐसे में स्वतंत्र देव सिंह के उत्तराधिकारी के नामों पर कयासों का बाजार गर्म है। सूबे के राजनीतिक गलियारे में भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर खूब चर्चा हो रही है। पार्टी सूत्रों की मानें तो प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी या ब्राह्मण समुदाय से हो सकता है। कयास लगाए जा रहे है कि डॉ. दिनेश शर्मा के अलावा श्रीकांत शर्मा, हरीश द्विवेदी और दो सांसदों के नाम खूब चर्चा है। वहीं, यह भी माना जा रहा है कि राज्य में पार्टी संगठन में भी बदलाव होंगे।