लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के नशे में धुत चीफ मेडिकल ऑफिसर (सीएमओ) डाॅ. अरुणेंद्र त्रिपाठी की पत्रकारों से बदसलूकी का वीडियो वायरल हो रहा है।वीडियो में सीएमओ पत्रकार के मोबाइल पर हाथ मार कर उसे गिरा देते हैं। इसके बाद उनके कर्मचारी व पुलिसकर्मी लड़खड़ाते सीएमओ को सहारा देकर गाड़ी तक ले जाते हैं।मामला बुधवार शाम का है।बताया जा रहा है कि बुधवार की देर शाम नीमगांव से सिकंदराबाद होते हुए लखीमपुर वापस आ रहे अंडर ट्रेनिंग सीओ प्रवीण और सिपाहियों का गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से एक्सीडेंट हो गया।उन्हें गंभीर हालत में शहर स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम तुलसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
हादसे की खबर मिलने के बाद नशे में धुत सीएमओ डॉ. अरुणेंद्र त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे थे।वहां मौजूद पत्रकारों ने उनसे सीओ के स्वास्थ्य के बारे में पूछा तो सीएमओ भड़क गए और पत्रकारों से अभद्रता शुरू कर दी। सीएमओ ने कथित तौर पर गाली-गलौज की। जिसके बाद पत्रकारों ने वीडियो बनाते हुए उनसे गाली देने पर सवाल किए। इस पर वो और गुस्से में आ गए और एक पत्रकार का मोबाइल तोड़ दिया।
सीएमओ यह कहते हुए वीडियो में सुनाई देते हैं ये लोग चंदा मांगने आते हैं। चंदा न मिलने पर विवाद खड़ा करते हैं। सीएमओ दोबारा दोहराते हैं कि यह चंदा विज्ञापन के नाम पर है। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि सीएमओ की तरफ से इस मामले में अब तक कोई सफाई नहीं आई है।
समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल से भी वायरल वीडियो ट्वीट किया गया। सपा की ओर से इस वीडियो के बाद योगी सरकार पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। ट्वीट में सपा की ओर से कहा गया कि लखीमपुर के CMO अरुणेंद्र त्रिपाठी शराब के नशे में झूमते हुए पत्रकारों को गालियां देते हुए दिखाई दे रहे।कुछ दिन पहले यूपी में एक डॉक्टर ने शराब के नशे में गलत इंजेक्शन लगा दिया था जिससे बच्चे की मौत हो गई थी, योगीजी! बृजेश पाठक जी! ये शराब विभाग है या स्वास्थ्य विभाग?





