पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार ने शनिवार को गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के साथ बैठक की।गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के साथ हुई बैठक में उन्हें बताया गया कि कल 3 नवंबर से पोस्टल बैलट के माध्यम से मतदान प्रक्रिया आरंभ हो रही है। साथ ही होम वोटिंग की प्रक्रिया भी आरंभ हो रही है।इस लिए उन्हें सलाह दी गई कि वे पोस्टल बैलट वोटिंग/होम वोटिंग के लिए अपने पोलिंग एजेंट भी नियुक्त कर लें।





निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि जिन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, वैसे सभी प्रत्याशियों को सूचित किया गया कि वे अपराधिक मामलों के संदर्भ में दिए गए प्रपत्र C1 के अनुसार निर्धारित तिथियों पर तीन बार समाचार पत्रों में प्रकाशित करवाते हुए रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय को भी प्रपत्र C4 में सूचित करेंगे। प्रत्याशियों को अपने पोलिंग एजेंट नियुक्त करने के लिए प्रपत्र 10 में आवेदन देना होगा, इसलिए सभी प्रत्याशियों को उक्त प्रपत्र भी उपलब्ध कराए गए।





चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशी क्या करें, क्या न करें को लेकर चुनाव आयोग की ओर से जारी गाइडलाइन और एडवाइजरी से भी सभी को अवगत कराया गया। सभी उम्मीदवारों से अपील की गई कि वे आदर्श आचार संहिता का अनुपालन करते हुए ही चुनाव प्रचार करें। प्रचार के दौरान अपने भाषण में किसी प्रतिद्वंद्वी, प्रत्याशी या अन्य व्यक्ति के विरुद्ध निजी प्रहार न करें, बल्कि दूसरों की गरिमा का पूरा सम्मान बनाए रखें। धार्मिक स्थलों का राजनीतिक प्रयोग आचार संहिता का खुला उल्लंघन माना जाएगा, इसलिए प्रत्याशी धार्मिक कार्यों, अनुष्ठानों में राजनीतिक भाषण बाजी, प्रचार सामग्री वितरण, मतदान अपील आदि से परहेज करें।





इस दौरान सहायक निर्वाची पदाधिकारी सफी आलम, चिनिया प्रखंड विकास पदाधिकारी -सह- सहायक निर्वाची पदाधिकारी सुबोध कुमार के अलावा चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार,उनके चुनाव एजेंट मौजूद थे।