प्रतिनिधि,पाकुड़। सरकार के सचिव, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखण्ड सरकार रांची के पत्रांक 2378 दिनांक 30.05.2023 द्वारा सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के कक्षा संचालन हेतु आदर्श दिनचर्या लागू है। उक्त के आलोक में वर्तमान में विद्यालय का संचालन प्रातः 7 बजे से अपराह्न 1 बजे तक हो रहा है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने वर्तमान में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए छात्र हित में विद्यालय का संचालन के समय में बदलाव किया है। जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त मदरसा, मान्यता प्राप्त, गैर मान्यता प्राप्त और निजी विद्यालयों का संचालन पूर्वाहन 7बजे से 11:30 बजे तक होगा। इस श्रेणी के विद्यालय प्रबंधन समिति, विद्यालय प्रारंभ करने के समय को निर्धारित करने के लिए स्वतंत्र होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक के लिए लागू होगा।





