उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की डासना जेल में तैनात एक पुलिसकर्मी ने जेल के एक प्राइवेट रूम में पंखे से लटक कर अपनी जान दे दी।जैसे ही ये सूचना अन्य पुलिसकर्मियों को मिली तो हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे जेल कर्मचारियों और पुलिस कर्मचारियों द्वारा मृतक सिपाही को पंखे से उतारकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
जानें पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार मसूरी थाना क्षेत्र के डासना में स्थित जेल में तैनात जेल वार्डन गजेंद्र का शव डासना के सद्भावना कॉलोनी में स्थित एक कमरे में पंखे से लटका मिला। बताया जाता है कि सिपाही ने आत्महत्या की है। वहीं जेल कर्मचारियों की माने तो एक महिला से प्रेम संबंध होने के कारण महिला द्वारा पुलिसकर्मी को टॉर्चर किया जा रहा था।जिसके चलते पुलिसकर्मी गजेंद्र ने मौत को गले लगा लिया। सूचना मिलते ही मौके पर जेल के आला अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच पड़ताल के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके पर पूछताछ की।प्रेम संबंधों के कारण आत्महत्या करने का मामला सामने आया।
तीन दिन से छुट्टी पर था सिपाही
इस मामले में जेल अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि जेल में तैनात जेल वार्डन गजेंद्र डासना के सद्भावना कॉलोनी के एक कमरे में अपने भाई के साथ रहता था और उसके आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। वह तीन दिन की छुट्टी पर चल रहा था और अपने आप को बीमार बता रहा था। उसने जेल प्रशासन के समक्ष मेडिकल जमा कर आज से ड्यूटी ज्वाइन करने की बात भी कही थी। विगत 2 दिन पूर्व एक महिला द्वारा जेल वार्डन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जेल प्रशासन को एक शिकायती पत्र भी दिया गया था। संभवतः इसी से आहत होकर जेल वार्डन गजेंद्र ने आत्महत्या किया होगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।





