प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह में गांवा थाना क्षेत्र में पत्थर से कूचकर एक महिला की हत्या कर दी गई।तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत डोरंडा घंघरीकुरा मुख्य मार्ग पर घंघरीकुरा के समीप स्थित एक पुलिया के नीचे एक महिला का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान गांवा थाना क्षेत्र के चिहुटिया निवासी लखन चौधरी की 25 वर्षीय पुत्री रिंकी कुमारी के रूप में हुई।साथ ही आसपास कुछ दूरी पर महिला का आधार कार्ड और बैंक पास बुक फेंका हुआ पाया गया है।शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।मामले को लेकर दो थानों की पुलिस जांच में जुटी है।
इस संबंध में मृतका के पिता लखन पासी ने बताया कि उनकी बेटी 3 दिन पूर्व ससुराल से अपने मायका आई थी। सोमवार को पति के कहने पर अपने मायके से गांवा के बैंक ऑफ इंडिया से पैसे निकालने के लिए गई थी।जिसके बाद वह घर नहीं लौटी।इधर मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने शव को देखा। जिसके बाद उक्त मार्ग में आने जाने राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ लग गई। शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। तत्पश्चात दल बल के साथ थाना प्रभारी के नेतृत्व में तिसरी और गांवा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। प्रथम दृष्टया शव को देखते हुए पत्थर से कूच कर हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की जा रही है।इधर घटनास्थल पर राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव भी पहुंचे और उन्होंने आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मृतका की शादी पांच वर्ष पूर्व हीरोडीह थाना क्षेत्र के टिकोडिह निवासी हेमराज पासी के साथ हुई थी।घटनास्थल पर पहुंचकर तिसरी थाना प्रभारी पीकू प्रसाद, गांवा थाना प्रभारी पिंटू कुमार ने मौके पर जांच पड़ताल में जुट गए।





