प्रतिनिधि,गिरिडीह। थैलीसीमिया डे केयर की मांग को लेकर जिले के उपायुक्त से गुरुवार को बातचीत की गई।उपायुक्त ने अपने सहयोगियों से कहा कि तत्काल इस सामाजिक कार्य पर रिपोर्ट बनाकर कार्य की पहल करें।उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि थैलीसीमिया के लगभग 150 मरीज जिले में है,हरेक पंद्रह दिन और एक महीने में उनको रक्त की जरूरत होती है।आम लोगों को और जागरूक होने की जरूरत है,जिससे रक्त दान में रक्त दाता और बढ़ चढ़ कर साथ दें।





मौके पर श्रेय क्लब के रमेश यादव ने कहा कि गिरिडीह में डेढ़ सौ के करीब थैलेसीमिया ग्रसित बच्चे हैं,जिन्हें हर माह रक्त की आवश्यकता पड़ती है। इन बच्चों के लिए रक्त की उपलब्धता बनी रहे। इसके लिए 20 वर्षों से निरंतर श्रेय क्लब प्रयासरत है एवं इन बच्चों के लिए रक्त उपलब्ध करवा रहे हैं।चूंकि गिरिडीह में थैलेसीमिया ग्रसित बच्चों के लिए सदर अस्पताल में किसी भी प्रकार की कोई सरकारी व्यवस्था नहीं है इसीलिए श्रेय क्लब निरंतर प्रयासरत है कि इन बच्चों को जरुरी दवाइयां,जांच की सुविधा एवं उचित सलाह गिरिडीह में मिलती रहे,जिसके लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में थैलेसीमिया डे केयर की सुविधा की मांग भी श्रेय क्लब के माध्यम से किया जाता रहा है।





इसी क्रम में आज श्रेय क्लब के सचिव रमेश यादव एवं भाकपा माले के गिरिडीह विधान सभा प्रभारी राजेश सिन्हा गिरिडीह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा से मिले। मौके पर राजेश सिन्हा ने कहा कि प्रशासन को और आम लोगो में जागरूकता लगातार फैलाने की जरूरत है।जिससे रक्तदान को खुद से समाज बढ़ावा देना शुरू करें,वैसे गिरिडीह में कई समाज जोर शोर से इस कार्यों में लगे हुए हैं, सभी को धन्यवाद देते है।





रमेश यादव ने उपायुक्त को वस्तु स्थिति की जानकारी दी तथा गिरिडीह उपायुक्त के द्वारा इस विषय पर त्वरित कार्यवाई करते हुए थैलेसीमिया ग्रसित बच्चों के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में थैलेसीमिया डे केयर की स्वीकृति दी गई। गिरिडीह सदर अस्पताल में बहुत जल्द ही थैलेसीमिया ग्रसित बच्चों के लिए थैलेसीमिया डे केयर बनेगा। जिससे गिरिडीह जिले के सैकड़ों बच्चे इसका लाभ ले पाएंगे।