गृह मंत्री अमित शाह ने निमियाघाट थाना के राणा जंगबहादुर सिंह को दिया अवॉर्ड
केंद्र सरकार द्वारा देश के टॉप थानों में निमियाघाट थाना को मिला सम्मान
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह।भुवनेश्वर में शुक्रवार से आयोजित तीन दिवसीय पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय वार्षिक सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2024 के लिए देश के तीन सर्वश्रेष्ठ थानों में राष्ट्रीय स्तर पर गिरिडीह के निमियाघाट थाना को राष्ट्रीय अवार्ड से सम्मानित किया,जिसमें शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कन्वेंशन सेंटर लोक सेवा भवन भुनेश्वर में निमियाघाट थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी राणा जंगबहादुर सिंह को अवॉर्ड दिया।इस कन्वेंशन में चूंकि दो दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी पहुंचे। थाना प्रभारी राणा जंगबहादुर सिंह ने उनसे भेंट की।
राष्ट्रीय सम्मान के संबंध में बताया जाता है कि गृह मंत्रालय की टीम प्रत्येक वर्ष देश के विभिन्न राज्यों में थाना का निरीक्षण करती है।निरीक्षण के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाती है।इस दौरान आम लोगों के साथ पुलिस का व्यवहार, साफ सफाई,अतिरिक्त सुविधाओं में जैसे थाना में पेंट्री की सुविधा, पुलिस कर्मियों को फिट रहने के लिए थाना में उपलब्ध सुविधा,विकलांग लोगों के लिए रैंप की सुविधा,थाना में शिकायत पर कृत कार्रवाई आदि।
निमियाघाट थाने को बेहतर कामकाज के लिए राष्ट्रीय स्तर पर देश के उन टॉप तीन थानों की श्रेणी में गृह मंत्रालय ने शामिल किया था।चयन के लिए कई चरण को पार करना पड़ता है।इनमें थाना क्षेत्र में अवैध कारोबार पर लगाम लगाना और जनता से बेहतर संबध बनाए रखना भी शामिल है। हालांकि,चयन प्रक्रिया में 10 और प्वॉइंट शामिल हैं।फिलहाल तीन प्वाइंट प्राथमिकता में शामिल रहे।
सफाई प्रक्रिया को लेकर तत्कालीन गिरिडीह एसपी दीपक कुमार शर्मा के निर्देश पर एसडीपीओ डुमरी सुमित प्रसाद और तत्कालीन थानेदार राणा जंग बहादुर सिंह ने कड़ा परिश्रम किया था।पब्लिक से बेहतर संबध को लेकर दीपक शर्मा और सुमित प्रसाद खुद प्रयासरत थे।दीपक शर्मा के निर्देश पर अवैध कारोबार कोयला, पशु तस्करी के साथ बालू और पत्थरों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई थी।वर्तमान एसपी डॉ विमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ सुमित प्रसाद के नेतृत्व में निमियाघाट थाना ने कई और चीजों पर फोकस किया, जिसमें सफलता मिलने के बाद डीजीपी के निर्देश पर निमियाघाट थाना को राष्ट्रीय अवार्ड के लिए अनुशंसित किया गया था,जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गिरिडीह के निमियाघाट थाना का चयन राष्ट्रीय अवार्ड के लिए किया।





