रामगढ़।पिछले दो महीने से भीषण गर्मी से आमजनों के अलावा पालतू मवेशियों के साथ जंगली जानवर भी परेशान दिखाई दे रहे हैं। भीषण गर्मी से क्षेत्र के लगभग नदी-नाला, तालाब व अन्य जलस्रोत सूख गए हैं।





जल संकट से परेशान होकर जानवर जंगल से निकल कर गांव की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसा ही नजारा गुरुवार को गोला वन क्षेत्र के डीमरा के समीपवर्ती जंगल में देखने को मिला। लगभग दो दर्जन हाथियों के झुंड ने एक बार फिर से गांव में उत्पात मचाते हुए फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव के पास हाथियों के झुंड की चहलकदमी से आस पास के क्षेत्र अफरा तफरी मची रही।