लखनऊ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में यूपी इन्वेस्टर्स समिट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि मैं उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति पर भरोसा करने के लिए निवेशकों का धन्यवाद करता हूं,आपके सपनों और संकल्पों को नई ऊंचाई,नई उड़ान देने का सामर्थ्य उत्तर प्रदेश के नौजवानों में है।
पीएम मोदी ने कहा कि बीते साल विश्व के 100 से अधिक देशों से 84 बिलियन डॉलर का रिकॉर्ड एफडीआई आया है। हम G20 अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज़ी से विकास कर रहे हैं।आज भारत ग्लोबल रिटेल इंडेक्स में दूसरे नंबर पर है,भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता वाला देश है।उन्होंने ने कहा कि मैं काशी का सांसद हूं और एक सांसद होने के नाते मैं ये लोभ छोड़ नहीं सकता,मोह नहीं छोड़ सकता।आप लोग बहुत व्यस्त होते हैं, लेकिन कभी समय निकालकर मेरी काशी देखकर आइए।काशी बहुत बदल गई है।
पीएम मोदी ने कहा कि विश्व आज जिस भरोसेमंद साथी को तलाश रहा है,उस पर खरा उतरने का सामर्थ्य सिर्फ हमारे लोकतांत्रिक भारत के पास है।विश्व आज भारत के पोटेंशियल को देख रहा है और भारत की परफॉर्मेंस की भी सराहना कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे पास वो सामर्थ्य है कि कोरोना काल में भी भारत रुका नहीं बल्कि रिफॉर्म्स की रफ्तार को और बढ़ा दिया।भारत ने बीते वित्तीय वर्ष में 417 बिलियन डॉलर यानि 30 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट करके नया रिकॉर्ड बनाया है।
पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में केंद्र की एनडीए सरकार ने अपने 8 वर्ष पूरे किए हैं।इन आठ वर्षों में हम रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र के साथ आगे बढ़े हैं।हमने पॉलिसी स्टैबिलिटी पर जोर दिया है,समन्वय पर जोर दिया है, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर जोर दिया है। हमने अपने रिफॉर्म्स से एक राष्ट्र के रूप में भारत को मजबूती देने का काम किया है।उन्होंने कहा कि एक देश एक जीएसटी, एक देश एक ग्रिड, एक देश एक मोबिलिटी कार्ड हो या फिर एक देश एक राशन कार्ड, ये प्रयास हमारी ठोस और स्पष्ट नीतियों का प्रतिबिंब हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत में आज डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग पर जितना जोर दिया जा रहा है,उतना जोर पहले कभी नहीं किया गया।आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत हमने 300 चीजें चिह्नित की हैं और बड़ी हिम्मत के साथ निर्णय लिया है कि ये 300 चीजें अब विदेश से नहीं आएंगी।उन्होंने कहा कि 2014 में हमारे देश में सिर्फ 6.5 करोड़ ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर थे, आज इसकी संख्या 78 करोड़ से भी ज्यादा हो गई है। 2014 में 1GB डेटा करीब 200 रुपए का पड़ता था, आज इसकी कीमत घटकर 11-12 रुपए हो गई है। आज विश्व के डिजिटल ट्रांजेक्शन का करीब 40% भारत में हो रहा है।उन्होंने कहा कि जिस भारत को लोग अनपढ़ बताते हैं, वो भारत ये कमाल कर रहा है।हर हिंदुस्तानी को इस पर गर्व होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि आज जनता का विश्वास योगी सरकार पर है।उन्होंने एक सांसद के रूप में अनुभव को साझा करते हुए कहा कि यहां के मंत्रियों और ब्यूरोक्रेसी में वह क्षमता है जिससे यह विकास में आगे बढ़ सकता है।यूपी की तरक्की भारत के हर छठे व्यक्ति की तरक्की है।जहां परिश्रम की पराकाष्ठा करने वाले लोग हों,जहां पांच लाख से अधिक आबादी वाले एक दर्जन से अधिक शहर हो,जहां हर जनपद में अलग उत्पाद की क्षमता हो, जिस प्रदेश को गंगा, यमुना और सरस्वती जैसी नदियों का आशीर्वाद प्राप्त हो, उस प्रदेश को तरक्की से कौन रोक सकता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की इस तीसरे ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में 80 हजार करोड़ रुपए की लागत से नई परियोजनाओं के कार्य को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ये कार्यक्रम यहां प्रारंभ हो रहा है। 2018 में प्रथम इन्वेस्टर समिट के समय हमें 4 लाख 68 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे।इसमें से 5 वर्षों के दौरान 3 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव को जमीनी स्तर पर उतारने में हमें मदद मिली।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस के मामले में कभी विश्व में 142वें नंबर पर था जो अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 62वें नंबर पर आकर खड़ा हो गया है।उन्होंने कहा कि जनसंख्या के मामले में तो उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा राज्य है।कौशल और संसाधनों के मामले में भी उत्तर प्रदेश किसी से कम नहीं है। मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि आप सभी को पूरा सहयोग योगी सरकार से प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।यूपी अब बड़ी उड़ान भरने की ओर है।पीएम मोदी का विजन लेकर सीएम योगी आगे बढ़ रहे हैं।





