घातक नशीले पदार्थों का युवा वर्गों में बढ़ रहा है सेवन करने का प्रचलन





पुलिस व प्रशासन के साथ सामाजिक संगठनों को भी है आगे आने की आवश्यकता





प्रतिनिधि, पाकुड़। पिछले कुछ महीनों से पाकुड़ के शहरी क्षेत्र में युवा वर्ग के लोगों में प्रतिबंधित नशा का सेवन करने का प्रचलन बढ़ गया है।अफीम,चरस,गांजा,हेरोइन,कोकेन जैसे प्रतिबंधित घातक नशीले पदार्थ इन दिनों शहर के कई छोटे मोटे दुकानों में बेचा जाता है और आसानी से मिल भी जाता है।





शहर के बैंक कॉलोनी स्थित जिला स्तरीय स्टेडियम, रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम,रथ मेला मैदान, बड़ी अलीगंज स्थित सर्कस मैदान और तालवाडांगा स्थित कुछ क्षेत्र में शाम ढलते ही नशेड़ियों का अड्डा जमने लगता है।ताजा मामला बैंक कॉलोनी स्थित स्टेडियम का है।जहां स्टेडियम के मुख्य गेट के 10 मीटर की दूरी पर पश्चिम दिशा में सटे हुए दीवाल के किनारे नशे की बोतल,सिरिंज,अफीम, हेरोइन, बीड़ी, सिगरेट सहित कई सामग्रियां फेंकी हुई है। सामग्रियां देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि इस जगह पर प्रतिदिन नशेड़ियों का अड्डा जमता है। सूत्रों की माने तो इन सभी प्रतिबंधित नशीले पदार्थ का व्यापार पश्चिम बंगाल के धूलियान, चांदपुर होते हुए पाकुड़ पहुंचता है फिर सेटिंग के तहत छोटे मोटे दुकानदारों तक पहुंचा दिया जाता है।





अगर इन नशीले पदार्थ से युवा वर्ग को बचाना है तो पुलिस प्रशासन के साथ-साथ समाज के बुद्धिजीवी लोग एवं सामाजिक संगठनों को आगे आना होगा तथा घातक नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले हानियों का प्रचार प्रसार करने की व्यवस्था प्रशासन को करनी चाहिए।





इस संबंध में प्रशिक्षु डीएसपी सह नगर थाना प्रभारी अजय आर्यन ने बताया कि पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी विभिन्न जगहों पर गस्त लगाएगी। इस विषय को लेकर अपने स्तर से कड़ी से कड़ी कार्यवाई करेंगे।