पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। बकाए मानदेय के भुगतान को लेकर जनप्रतिनिधि और प्रशासन के उदासीन रवैये से नाराज जलसहियाओं ने सोमवार को गिरिडीह में प्रदर्शन किया। इस दौरान जलसहियाएं पीएचईडी के दोनों कार्यालय पहुंची और जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन का नेत्तृव कर रही दिव्या, सरिता देवी, सितारा प्रवीण, पूनम पांडेय, नीलम बेबी, माला पांडेय, नीतू देवी, उर्मिला देवी समेत काफी संख्या में जलसहियाओं ने इस दौरान पीएचईडी कार्यालय पहुंच नारेबाजी की। दोनों कार्यपालक अभियंताओ के खिलाफ नारेबाजी की गई। हालांकि दोनों कार्यालय में मौजूद कई पदाधिकारी और कर्मी इस दौरान जलसहियाओं के गुस्से को देखकर कार्यालय छोड़कर भाग खड़े हुए,जो कर्मी मौजूद रहे, वो आचार सहिंता का हवाला देकर जलसहियाओं को कार्यालय से बाहर जाने की अपील करने लगे।
प्रदर्शन के दौरान जलसहियाओ ने दोनों कार्यपालक अभियंता पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले साल मंत्रिमंडल ने दुर्गा पूजा में बकाया मानदेय के भुगतान की स्वीकृति दे दिया था। जबकि छठ पूजा में पत्राचार भी कर दिया गया और अब होली को देखते हुए दोनों कार्यपालक अभियंता भुगतान के लिए राजी हुए तो आचार सहिंता का हवाला देकर भुगतान रोका जा रहा है।कहा कि यही नही दोनों कार्यालय के बिचौलिए अब भुगतान के बदले प्रति जलसहिया 5 हजार की मांग कर रहे हैं, लेकिन जब प्रदर्शन हुआ तो पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि 1200 जलसहियाओं का भुगतान जल्द कर दिया जाएगा। जबकि आठ सौ जलसहियाओं के लिए कोषागार में बिल भेजा जाएगा। पदाधिकारियो से मिले आश्वासन के बाद जलसहियाओं का प्रदर्शन खत्म हुआ।





