प्रतिनिधि,चतरा। जिले के नव पदस्थापित पुलिस कप्तान विकास पांडेय ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने जिले में बढ़ते अपराध के ग्राफ को कम करने की दिशा में ठोस एवं कारगर कदम उठाने की बात कही। अफीम तस्करी और ब्राउन शुगर के काले कारोबार के लिये बदनाम चतरा जिले की पहचान बदली जाएगी। इसे किसी भी स्थिति में उड़ता पंजाब नहीं बनने देंगे। चतरा के 31वें पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद जिले के नए एसपी विकास पांडेय ने जिले में कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने की बात कही।
एसपी विकास पांडेय ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि चतरा जिला राज्य ही नहीं बल्कि देश-विदेश में अफीम तस्करी और इसके गैर-कानूनी कारोबार के लिए बदनाम है। बाहर के लोग इसे हेय दृष्टि से देखते हैं। ऐसे में जिले के आम जनमानस के सहयोग से पुलिस और जनता के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर इस कलंक को मिटाने की दिशा में सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी,जिसका असर आने वाले दिनों में साफ तौर पर सभी को दिखाई देगा।एसपी ने ब्राउन शुगर के चपेट में आए नशाखोरों और अपना भविष्य तबाह करने वाले युवा पीढ़ी और अभिभावकों से नशे का तिरस्कार कर भविष्य संवारने की अपील की।एसपी ने कहा कि जब तक अभिभावक और युवा पीढ़ी जागरूक नहीं होंगी तब तक पुलिस नशामुक्त चतरा निर्माण के अपने उद्देश्यों में सफल नहीं हो पाएगी।
प्रभार लेने के बाद एसपी विकास पांडेय ने महिला हिंसा और इससे पीड़ित महिलाओं को इंसाफ दिलाने की दिशा में भी बड़ा बयान दिया है। कहा है कि महिला हिंसा और इससे संबंधित आए हुए मामलों के त्वरित समाधान को लेकर सभी थानों को सख्त निर्देश जारी किये गए हैं। फरियाद लेकर थानों में पहुंचने वाले महिलाओं की विशेष काउंसलिंग और उनकी समस्याओं को सहजता से सुनने के भी निर्देश जारी किए गये हैं।
एसपी ने कहा है कि हालिया दिनों में जिले में सक्रिय विभिन्न नक्सली संगठनों के द्वारा कुछ घटनाएं कारित की गई हैं, लेकिन उसके विपरीत हमारे जाबांज सुरक्षा बलों ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब देते हुए कई सफलताएं भी अर्जित की है। नक्सलियों के विरुद्ध पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
एसपी ने समाज से भटके नक्सलियों और युवाओं को सरकार की आत्मसमर्पण नीति और डीजीपी के दिशा निर्देशों का अनुपालन करते हुए हथियार डालकर मुख्य धारा में शामिल होने की अपील की। चतरा पुलिस का दरवाजा समाज से भटके युवाओं को मुख्य धारा में शामिल करने के लिए हमेशा खुला है।
इस संदर्भ में पुलिस कप्तान ने कहा कि या तो नक्सली सरेंडर कर दे या फिर पुलिस सख्ती से निपटेगी। नवपदस्थापित एसपी कोयलांचल में टेरर फंडिंग और गैंगवार की निरंतर बढ़ती घटनाओं पर भी सख्त दिखे। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से निगरानी रख रही है। टेरर फंडिंग में संलिप्त नक्सलियों और गैंगस्टर के विरुद्ध भी पुलिस का एक्शन जारी रहेगा।





