चतरा जिले में अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध उत्पाद विभाग सख्त
जिले में लगातार चलाया जाएगा छापेमारी अभियान संलिप्त लोगों पर होगी सख्त कार्रवाई-उत्पाद अधीक्षक
कई स्थानों से उत्पाद विभाग के कार्रवाई में अवैध निर्मित शराब और शराब उत्पाद उपस्कर बरामद
संलिप्त 3 लोगों की हुई गिरफ्तारी
पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,चतरा। जिले में आगामी लोकसभा चुनाव एवं होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए उपायुक्त रमेश घोलप के निर्देशानुसार अधीक्षक उत्पाद चतरा के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध शराब के कारोबार एवं शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार छापामारी की कार्यवाई की जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने बताया कि आने वाले लोकसभा चुनाव के ध्यान में रखते हुए और होली पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन के द्वारा अवैध ढंग से शराब उत्पादन करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। जिले के सभी प्रखंडों यह अभियान चलाया जाएगा। पिछले 10 तारीख से अब तक की गई कार्रवाई में जिले के कई भागों से अवैध शराब उत्पादन करने वालों पर शिकंजा कसा गया है। जिसमें मुख्य रूप से चतरा के कठौतिया, हंटरगंज के पनारी नवाडीह, हंटरगंज के मायापुर इटखोरी प्रखंड के पितीज आदि स्थानों पर छापामारी कर अवैध ढंग से निर्मित शराब जावा महुआ और शराब बनाने के उपकरण बरामद कर उसे विनिष्ट किया गया है।चतरा थाना अंतर्गत कठौतिया में छापामारी कर दो व्यक्तियों को अवैध चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। हंटरगंज थाना अंतर्गत पनारी नावाडीह में उत्पाद विभाग एवं हंटरगंज थाना के संयुक्त वाहन चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
हंटरगंज थाना अंतर्गत मायापुर में उत्पाद विभाग की टीम के द्वारा एक अवैध महुआ शराब की एक बड़ी संचालित भट्ठी को ध्वस्त किया गया,जिसमें 40 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त किया गया तथा लगभग 400 किलो से अधिक चुलाई योग्य जावा महुआ को घटनास्थल पर हीं विनष्ट किया गया। इटखोरी थाना क्षेत्र के पितिज में भी छापामारी कर बड़ी मात्रा में जावा महुआ और शराब के निर्माण में काम आने वाले उपकरणों को नष्ट किया गया है।इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों को सभी मामलों में उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया है।
उत्पाद अधीक्षक, चतरा के द्वारा जानकारी दी गई कि आगामी लोकसभा चुनाव एवं होली पर्व को देखते हुए जिले में अवैध शराब के कारोबार एवं कारोबारियों के विरुद्ध सतत सघन छापामारी अभियान लगातार जारी रहेगा।





