चतरा में अनुजा निगम ऋण योजनाओं के लाभार्थियों से पीएम मोदी ने किया ऑनलाइन जनसंवाद





पीएम सामाजिक उत्थान एवं रोजगार आधारित जनकल्याण (पीएम-सूरज) पोर्टल का हुआ शुभारंभ





समाहरणालय सभा कक्ष से जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी के साथ-साथ भारी संख्या में लाभार्थीयों ने लाइव प्रसारण को देखा और सुना





पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,चतरा। बुधवार को जिला मुख्यालय के समाहरणालय में वंचित वर्गों के लिए आउटरीच कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के कर कमलों द्वारा प्रधानमंत्री सामाजिक उत्थान एवं रोजगार आधारित जनकल्याण (पीएम-सूरज) पोर्टल का शुभारंभ किया गया।





केंद्र सरकार जनहितकारी कई सारी योजनाओं का संचालन कर रही है, जिनमें राशन, आवास, पेंशन और बीमा जैसी अनेकों योजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वंचित वर्गों को ऋण सहायता के लिए राष्ट्रव्यापी जनसंपर्क को चिह्नित करने वाले एक कार्यक्रम से जुडे़।पीएम मोदी ने पीएम सूरज पोर्टल को लॉन्च किया। साथ ही एक लाख लोगों को ऋण राशि भी दी गई।





पीएम सूरज पोर्टल एक राष्ट्रीय पोर्टल है, जो सामाजिक उत्थान और रोजगार पर आधारित और जनकल्याण के लिए है। इस पोर्टल के जरिए ऋण सहायता स्वीकृत की जाएगी। इससे पात्र लोगों को ऋण लेने में सुविधा मिलेगी। इस पोर्टल के जरिए लोग आसानी से लोन ले पाएंगे, जिसमें 15 लाख रुपये तक के बिजनेस लोन के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इससे बैंक के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और इसी पोर्टल के जरिए आवेदन किया जा सकेगा। समाज के सबसे वंचित वर्गों का उत्थान करना और सशक्तिकरण उद्धेश्य है। वहीं, इस योजना के अंतर्गत ऋण मुहैया कराया जाएगा।





राष्ट्रीय निगमों (अनुसूचित जाति वर्ग, सफाई कर्मचारी वर्ग एवं अन्य पिछड़ा वर्ग) के लाभार्थियों से प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से जनसंवाद हुआ,जिसमें बुधवार को जिले के समाहरणालय सभा कक्ष में जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ भारी संख्या में लाभार्थी शामिल हो कर उनकी बातों को गंभीरता से सुना और समझा।