चाईबासा।सारंडा पोड़ाहाट के जंगलों में लगातार सीआरपीएफ और पुलिस द्वारा नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।इसी कड़ी में गुरुवार को नक्सल प्रभावित टोंटो और गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बॉर्डर पर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में दोनों ओर से की गई फायरिंग में पांच जवान घायल हुए जिन्हें चॉपर से राजधानी रांची ले जाया गया। खबर लिखे जाने तक सभी जवान खतरे से बाहर बताए गए। मुठभेड़ में जवानों के अलावा कई नक्सलियों को भी गोली लगने की खबर है।पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।वर्तमान घटना स्थल पर अतिरिक्त सुरक्षाबल भी भेजा गया है।वहीं कई पुलिस पदाधिकारी अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं और कैंप कर रहे हैं।





ऐसे हुई मुठभेड़





मिली जानकारी के मुताबिक कोल्हान जंगल के गोइलकेरा व टोंटो थाना क्षेत्र के सीमांत क्षेत्र तुम्बाहाका,रेंगाड़हातु, सारजोमबुरु के आसपास भाकपा माओवादियों के दस्ते के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों द्वारा अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान गोईलकेरा थाना के छोटा कुईड़ा व सारजोमबुरु के बीच जंगल में सुरक्षाबलों को देखते ही नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबल भी कार्रवाई कर रहे हैं, मुठभेड़ गुरुवार देर शाम तक जारी रही।





घायल जवानों में सूरज कुमार, कृष्णनाथ, बुद्धदेव,संदीप व सुशील कुमार शामिल हैं।