वरीय संवाददाता,रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव अमूल्य नीरज खलखो ने कांग्रेस भवन में मीडिया से बात करते हुए कहा कि सीएसडीएस के ताजा सर्वे ने मोदी सरकार की पोल खोलकर रख दी है। कांग्रेस इन्हीं मुद्दों को लगातार आवाज उठा रही है। यही कारण है कि आवाज को दबाने के लिए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं पर ईडी की शिकंजा कसवाया जा रहा है, ताकि महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दे गौण रहें। उन्होंने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार के दिन अब पूरी तरह लद चुके हैं।
अमूल्य नीरज खलखो ने कहा कि वर्ष 2019 के चुनाव में ही देश की जनता इनके जुमलेबाजी एवं वादाखिलाफी का जवाब देने का मन बना चुकी थी,परंतु पुलवामा में देश के वीर शहीदों के शहादत का राजनीतिक इस्तेमाल कर ये जनता को अपने पक्ष में करने में सफल रहे। कुछ समय पहले तक मोदी की गारंटी पर जोर देते हुए भाजपा ने पुनः देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास शुरू किया परंतु बेरोजगारी,महंगाई एवं इलेक्टोरल बांड से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले पर जनता के आक्रोश को भांपकर भाजपा द्वारा फिर से धार्मिक ध्रुवीकरण का प्रयास चालू कर दिया गया है। चुनाव से पहले जब सीएसडीएस के सर्वे ने जनता के मूड का खुलासा कर दिया है तो प्रधानमंत्री मोदी फिर जनता का ध्यान मूल मुद्दों भटकाने के लिये सनातनी राग अलाप रहे हैं।
अमूल्य नीरज खलखो ने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार के 10 साल अन्यायकाल के खिलाफ राहुल गांधी के कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक और मणिपुर से लेकर मुंबई तक भारत जोड़ो यात्रा एवं भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान बेरोजगार नौजवानों, मजदूर, किसानों, महिलाओं एवं आम जनता से हुई संवाद के आधार पर जब कांग्रेस पार्टी पांच न्याय पच्चीस गारंटी को लेकर चुनाव के मैदान में पूरी शिद्दत के साथ उतर चुकी है तो भाजपा बौखला गई है। भाजपा को जनता से किये गए झूठे वादों के साथ अपने 10 साल के उपलब्धियों को समझाने में पसीने छूट रहे हैं।
अमूल्य नीरज खलखो ने बताया कि झारखंड प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर एवं प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के निर्देशानुसार झारखंड प्रदेश अंतर्गत सभी 14 लोकसभा क्षेत्रों में घर-घर गारंटी अभियान की शुरुआत हो चुकी है। सभी लोकसभा कॉर्डिनेटरों, घोषित पार्टी प्रत्याशियों एवं जिलाध्यक्षों को स्पष्ट दिशा निर्देश दिया गया है, जिसके तहत कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता गारंटी कार्ड को लेकर मतदाताओं के घरों तक पहुचेंगे और भाजपा सरकार के 10 साल के अन्याय काल का पर्दाफाश करते हुए कांग्रेस पार्टी के पांच न्याय-पच्चीस गारंटी को लेकर आम जनता से इंडिया गठबंधन के पक्ष में वोट के अपील करेंगे।
उक्त जानकारी झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता कमल ठाकुर ने दी।





