चुरचू में शौचालय नहीं, बाजार आने वाली महिलाओं को परेशानी





चुरचू बाजार में यूरिन या पिंक टॉयलेट की जरुरत:उप प्रमुख





प्रतिनिधि,चुरचू। प्रखंड मुख्यालय स्थित चुरचू बाजार में शौचालय नहीं रहने के कारण यहां आने वाले पुरुष और महिलाओं को काफी परेशानी हो रही है। इस मार्केट के बगल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रखण्ड और अंचल मुख्यालय,निजी अस्पताल समेत दुकानें हैं।चुरचू बाजार में सुबह से लेकर रात तक भीड़ बनी रहती है,जिसमें पुरुष,बुजुर्ग और बच्चों के अलावा महिलाएं और लड़कियों की भीड़ देखी जाती है।कुछ लोग तो कई घंटे तक बाजार में काम के कारण बने रहते हैं। इस दौरान किसी को शौच लगे तो काफ़ी शर्मिंदगी उठानी पड़ती है। विकट परिस्थिति में लोगों को किसी सुनसान जगह में जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है,जबकि महिलाओं के लिए ना तो यूरिनल की व्यवस्था है ना तो पिंक टॉयलेट की व्यवस्था है।





उप प्रमुख संजय कुमार सिंह कहते है कि महिलाओं के लिए चुरचू बाजार में यूरिन या फिर पिंक टॉयलेट की व्यवस्था होनी चाहिए।देश की आधी आबादी महिलाओं की है फिर भी महिलाओं के लिए सभी जगह पर शौचालय की व्यवस्था नहीं है। प्रखंड के अधिकारियों को इस पर ध्यान देने की जरूरत है।महिलाओं के लिए शौचालय की मांग को लेकर जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।