दुमका।झारखंड के दुमका ज़िले के तालझारी थाना क्षेत्र के जरमुंडी में माॅब लिंचिंग का मामला सामने आया है।घटना रविवार की सुबह 4 बजे तालझारी थाना क्षेत्र के कपरजोरा गांव में हुई।यहां चोरी के आरोपी 40 वर्षीय युवक सुरेश यादव को पेड़ में बांध कर लोगों ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।मृत सुरेश यादव सरैयाहाट के आमघाटा गांव का रहने वाला था।





कपरजोरा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि घटना के पूर्व सुरेश यादव चोरी की घटना को अंजाम देकर भाग रहा था।ग्रामीणों की आक्रोशित भीड़ उसके पीछे पड़ी थी। इस क्रम में वह भागकर मुकेश यादव के घर के पास पहुंच गया। घटना को लेकर मुकेश यादव की पत्नी पूर्णी देवी ने बताया कि वह दो बच्चों के साथ अकेली घर पर थी। सुबह वह बच्चे को शौच कराने के लिए उठी और दरवाजा खोलकर जैसे ही कमरे से बाहर आई, तो पहले से मौजूद सुरेश यादव ने उसे पकड़ लिया। इससे वह चीखने-चिल्लाने लगी और बेहोश हो गई।





सुरेश की मौत होने तक लोगों ने पीटा





ग्रामीणों का गुस्सा क्रूरता की हद पार कर गया। ग्रामीण आम के पेड़ से बंधे सुरेश यादव को तब तक पीटते रहे, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। लोगों की सूचना पर सुबह छह बजे तालझारी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पेड़ से बंधा शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई। वहां से मृतक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया। जांच करने एसडीपीओ शिवेंद्र तालझारी थाने पहुंचे।





जरमुंडी के एसडीपीओ शिवेंद्र ने कहा कि कपरजोरा गांव में चोरी करने पहुंचे एक व्यक्ति की ग्रामीणों द्वारा पीटकर हत्या करने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जाएगी।