पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चौपारण(हजारीबाग)। प्रखंड के दैहर पंचायत के नीमा ग्राम वासी युवा शेखर आजाद वर्मा का चयन देश के प्रतिष्ठित परमाणु केंद्र भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र में टेक्नीशियन के पद पर हुआ है। एक ग्रामीण परिवेश का युवा शेखर आजाद देश के प्रतिष्ठित संस्थान में अपना योगदान देगा। इस बात से एक ओर जहां शेखर आजाद के परिजनों में खुशी है वही नीमा ग्राम वासी भी शेखर की इस उपलब्धि से खुश हैं।
शेखर के पिता कामदेव दांगी पेशे से ड्राइवर हैं जबकि मां रेखा देवी गृहणी है। इन दोनों ने अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान की। कामदेव दांगी के तीन पुत्र हैं। बड़ा बेटा राज्य सरकार की सेवा में अमीन के पद पर कार्यरत है। मझला बेटा रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आयुध निर्माण में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। शेखर आजाद वर्मा काम देव दांगी का सबसे छोटा पुत्र है। शेखर आजाद ने मैट्रिक की परीक्षा पितिज हाईस्कूल से, इंटर की परीक्षा वासेपुर इंटर कॉलेज से करने के उपरांत आईटीआई जमशेदपुर से और इलेक्ट्रॉनिकस एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में कोडरमा से डिप्लोमा की डिग्री प्राप्त की।
शेखर आजाद बचपन से ही मेधावी छात्र रहा है। शेखर के माता-पिता ने अपने बच्चों के शिक्षा दीक्षा पर बहुत ध्यान दिया जिसका परिणाम है कि सभी बच्चे अपनी योग्यता के अनुरूप सरकारी सेवाओं में अपना योगदान दे रहे हैं। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में समय के अनुपालन और अनुशासन की भावना को शेखर के माता-पिता ने बखूबी डालने का काम किया।
बतौर शेखर ने बताया कि माता-पिता एवं शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है कि आज मैं देश के महत्वपूर्ण संस्थान भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र में टेक्नीशियन के पद पर चयनित हुआ हूं। एक ओर जहां परिजनों में हर्ष का माहौल बना हुआ है वहीं ग्रामवासी भी शेखर के इस उपलब्धि की भूरी भूरी प्रशंसा कर रहे हैं।





