पीलीभीत।उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी ने सोमवार को एक बार फिर बेरोजगारी और पेपर लीक मामले को लेकर ट्विटर बम से अपनी ही सरकार पर हमला बोला है।उन्होंने कहा कि अपने कंधों पर पूरे परिवार की उम्मीदों का बोझ लेकर चलने वाले प्रतियोगी छात्रों का जीवन विगत कुछ वर्षों से एक लंबे संघर्ष की दास्तां बन चुका है।वरुण गांधी गरीबों, युवाओं और किसानों समेत तमाम ज्वलंत मुद्दों पर मुखरता से अपनी बात रखते हैं।
भाजपा सांसद वरुण गांधी ने अपनी ही सरकार को घेरते हुए कहा कि छात्र अब सिर्फ पढ़ाई नहीं करता है बल्कि अपने हक की लड़ाई भी स्वयं ही लड़ता है। उन्होंने ट्वीट किया कि अपने कंधों पर पूरे परिवार की उम्मीदों का बोझ लेकर चलने वाले प्रतियोगी छात्रों का जीवन विगत कुछ वर्षों से एक लंबे संघर्ष की दास्तां बन चुका है। छात्र अब सिर्फ पढ़ाई नही करता, अपने हक की लड़ाई भी स्वयं लड़ता है। अरसों से लटकी भर्तियां और रेत की तरह फिसलता वक्त, छात्र हताश है।
भाजपा सांसद ने कहा कि बिना कारण रिक्त पड़े पद, लीक होते पेपर, सिस्टम पर हावी होता शिक्षा माफिया, कोर्ट-कचहरी व टूटती उम्मीद। छात्र अब प्रशासनिक अक्षमता की कीमत भी स्वयं चुका रहा है। चयन सेवा आयोग कैसे बेहतर हो,परीक्षाएं कैसे पारदर्शी एवं समय पर हों, इसपर आज और अभी से काम करना होगा। कहीं देर ना हो जाए।
आपको बता दें कि वरुण गांधी पिछले काफी समय से अपनी ही सरकार को आड़े हाथों ले रहे हैं।इससे पहले उन्होंने राशन कार्ड की पात्रता को लेकर बनाए जा रहे नए नियमों का हवाला देते हुए ट्वीट कर योगी सरकार को घेरा था।उन्होंने कहा था कि चुनाव से पहले पात्र और चुनाव के बाद अपात्र? जनसामान्य के जीवन को प्रभावित करने वाले सभी मानक अगर ‘चुनाव’ देख कर तय किए जाएँगे तो सरकारें अपनी विश्वसनीयता खो बैठेंगी। चुनाव खत्म होते ही राशनकार्ड खोने वाले करोड़ों देशवासियों की याद सरकार को अब कब आएगी? शायद अगले चुनावों में।वरुण गांधी पिछले काफी समय से भाजपा में नाराज चल रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव में भी वरुण गांधी सक्रिय नहीं दिखाई दिए थे और न ही किसी उम्मीदवार को समर्थन में प्रचार करने पहुंचे थे। भाजपा ने भी वरुण गांधी का नाम स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल नहीं किया था।





