प्रतिनिधि,चतरा। हंटरगंज प्रखंड के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के जंगल में आग बुझाने गए वन कर्मियों पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इस घटना में करीब एक दर्जन वनकर्मी घायल हो गए। मामला वशिष्टनगर थाना क्षेत्र के बंडाटांड़ जंगल का है। घायलों को उपचार के लिए हंटरगंज स्वास्थ्य उपकेंद्र में भर्ती कराया गया है।घटना की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए वशिष्टंगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छह हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है।





जानकारी के मुताबिक वनकर्मी ग्रामीणों को जंगल में लगी आग पर काबू पाने में सहयोग करने के लिए अपील कर रहे थे। इसी दौरान कार्रवाई के भय से ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इस बाबत उत्तरी वन प्रमंडल के रेंजर सूर्यभूषण कुमार ने बताया कि हमला के वक्त कुछ ग्रामीण जंगल से अवैध रूप से लकड़ी काटकर ले जा रहे थे। जब वन कर्मियों ने उनसे जंगल में लगी आग की बाबत बातचीत करते हुए मदद मांगी तो उन्हे लगा की वन विभाग के लोग उनको पकड़ना चाह रहे हैं। इसी डर से ग्रामीणों ने वनकर्मियों पर लाठी डंडा व पत्थर से हमला बोल दिया।