पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह।गिरिडीह में तिसरी प्रखंड के मनसाडीह में शनिवार को एक बार फिर जंगली भालू द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना मनसाडीह के खाखोढाब जंगल की है।जहां महुआ चुनने गए तिलकीमारन निवासी 47 वर्षीय तालो हेमब्रम जंगली भालू के हमले में बुरी तरह घायल हो गया।





घायल तालो हेमब्रम को आसपास के लोगों ने निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिसरी लाया गया। जहां डॉ जैनेन्द्र और स्वास्थ्यकर्मी चन्दन ने उनका प्राथमिक उपचार किया।स्थिति गंभीर रहने के कारण समाजसेवी आंशिश हेंब्रम के सहयोग से 108 एम्बुलेंस सेवा द्वारा उन्हें सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया गया।





घटना के संबंध में घायल तालो हेमब्रम ने बताया कि वे अपनी पत्नी सोनिया टुडू व अन्य लोगों के साथ शनिवार की सुबह महुआ चुनने खाखोढाब स्थित जंगल गए हुए थे।महुआ चुनते -चुनते सुबह से दोपहर हो गई। इसी क्रम में जंगली भालू ने पीछे से अचानक हमला कर दिया,जिसके बाद जंगल में महुआ चुन रहे उनकी पत्नी समेत अन्य लोगों के हो हल्ला करने पर भालू वहां से भाग गया।





भालू के हमले से तालो हेमब्रम का सिर,कान और हांथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया।इस मामले में गांवा वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जंगली भालू के हमले की सूचना मिली है। घायल को मुआवजा देने के लिए जांच की जाएगी,जिसके बाद विभाग को मुआवजे के लिए लिखा जाएगा।साथ ही उन्होंने आम जनमानस से जंगल में पानी वाले इलाकों में नहीं जाने की अपील की है।