प्रतिनिधि,जमशेदपुर।जिले के एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि वे जमशेदपुर शहर को सेफ्टी और सिक्योर सिटी बनाने की योजना बनाए हैं। जिसके तहत आम लोगों का भी पूरा सहयोग चाहिए। हाल ही में एक एजेंसी की ओर से महिला सुरक्षा पर देशभर में सर्वे कराया गया। जिसमें जमशेदपुर को महिलाओं को लिए सबसे सुरक्षित शहर माना गया है। साथ ही इसे पहला स्थान भी दिया गया है।इस उपलब्धि को बरकरार रखने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।





एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि जब से उन्होंने जिले में प्रभार संभाला है तब से उन्हें क्राइम में 100 फीसदी सफलता हाथ लगी है। जिसमें एसपी सिटी के. विजय शंकर, ग्रामीण एसपी मुकेश कुमार लुनायत, सभी डीएसपी के अलावा सभी थाना प्रभारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शहर में ऐसा कोई मामला लंबित नहीं है, जिसमें पुलिस को सफलता न मिली हो।





एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि शहर के लोग भी पुलिस को पूरा सहयोग कर रहे हैं। जबकि उनसे आगे भी हम ऐसे ही उम्मीद करते हैं। आम तौर पर मोबाइल गुम होने के बाद लोग वापस मिलने की उम्मीद छोड़ देते हैं। मगर पुलिस ने उसे भी संभव कर दिखाया है। साथ ही आम लोगों को लालच में आकर चोरी का मोबाइल खरीदने के प्रति जागरुक होने की जरूरत है। अगर किसी को रास्ते में गिरा हुआ मोबाइल मिलता है तो वे उसे थाने में जाकर जमा करा दें। जिससे पुलिस मोबाइल को उसके मालिक तक पहुंचाने का काम करेगी।