मथुरा। धर्म नगरी मथुरा में गुरुवार की देर रात एक शादी में सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया गया।जयमाल के बाद अपने कमरे में बैठी हुई दुल्हन की किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी।दुल्हन की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई,लेकिन अभी तक पुलिस को हत्यारे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।घटना के बाद से ही पूरा परिवार दहशत में हैं।





मिली जानकारी के‌ अनुसार मामला नौहझील थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर का है।जहां गुरुवार रात को खूबीराम की बेटी काजल की शादी हो रही थी।काजल की बारात गौतमबुद्धनगर जिले के थाना रबूपुरा के गांव कलूपुर से आई थी।दूल्हा और दुल्हन का जयमाल भी हो चुका था। दुल्हन जयमाल के बाद फेरों के इंतजार के लिए अपने कमरे में बैठी हुई थी।रात लगभग 2 बजे अचानक से दुल्हन के कमरे में एक युवक घुस आया और गोली मार दी।दुल्हन की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी मौके से भाग निकला।घटना के दौरान दो महिलाएं दुल्हन के साथ घर के बाहरी कमरे में बैठी हुई थी।दुल्हन की मौत होने के बाद बारात रात को ही वापस लौट गई।





एसपी देहात श्रीशचंद्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घटना को लेकर परिजनों से भी पूछताछ की गई थी।दुल्हन के परिजन काफी घबराए हुए थे इसलिए उन्होंने गोली मारने वाले युवक का नाम नहीं बताया। पुलिस अभी भी उनसे पूछताछ में जुटी हुई है जल्द ही युवक की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा