जमशेदपुर।ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन के पूर्वी भारत अध्यक्ष सतनाम सिंह गंभीर ने रेल मंत्री को ट्वीट कर कहा है कि टाटा से अमृतसर चलने वाली जलियांवाला बाग ट्रेन को तीन माह के लिए रद्द करना न्यायसंगत नही है।
उन्होंने कहा कि इससे टाटा और इसके आस-पास रहने वाले बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब जाने वाले यात्रियों को एक बार फिर परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कुहासे को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटा अमृतसर-टाटा जलियांवाला बाग एक्सप्रेस ट्रेन को तीन माह के लिए रद्द कर दिया है। जिसको लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। जिसके मुताबिक सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को टाटा से चलने वाली गाड़ी संख्या 18104 टाटा –अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस 5 दिसंबर से 27 फरवरी (2023) तक रद्द कर दिया गया है।इसी तरह अमृतसर से सप्ताह में दो दिन बुधवार और शुक्रवार को चलने वाली गाड़ी संख्या (18103) अमृतसर-टाटा जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को 7 दिसंबर से 1 मार्च 2023 तक रद्द कर दिया गया है।
सतनाम सिंह गंभीर ने कहा की इस ट्रेन को रद्द कर दिए जाने से झारखंड से बिहार, उत्तर प्रदेश और पंजाब जाने वाले यात्रियों को परेशानी होगी। रेल मंत्रालय द्वारा सिखों के साथ सौतेला व्यवहार अपनाया जाना सिखों को मुल्क में बेगानगी महसूस कराता है।





