प्रतिनिधि,गिद्धौर (चतरा)। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के तहत चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो अभियान के चौथे चरण की शुरुआत मंगलवार को हो गई।जिला जल एवं स्वच्छता समिति चतरा के माहवारी स्वच्छता प्रबंधन जागरूकता रथ को सीओ जयशंकर पाठक ने मंगलवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रथ 12 जून तक प्रखंड के विभिन्न गांवों में घूम-घूम कर माहवारी स्वच्छता के बारे में महिलाओं व किशोरियों को जागरूक करेगा।





सीओ ने बताया कि जागरूकता रथ का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों में माहवारी के दौरान हाइजीन और स्वच्छता के महत्व को बढ़ाना, इससे जुड़ी भ्रांतियों को उजागर कर सही ज्ञान देते हुए निरंतर सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन लाना इत्यादि शामिल है।उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) पेयजल एवं स्वच्छता विभाग एवं पंचायती राज विभाग झारखंड सरकार के संयुक्त प्रयास तथा यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो अभियान के चौथे चरण का शुभारंभ कर चलाया जा रहा है।मौके पर प्रखंड व अंचल के कर्मी मौजूद थे।