प्रतिनिधि,साहिबगंज। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले से टीबी को भगाने हेतु उपायुक्त राम निवास यादव के निर्देशन में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में निश्चय मित्र द्वारा टीबी मरीजों को गोद लेकर उनकी देखरेख की जा रही है। वहीं समय-समय पर उन्हें पोषाहार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिले के आला अधिकारी से लेकर जिले के अन्य गणमान्य निश्चय मित्र बनकर टीबी के मरीजों की सहायता कर रहे हैं, ताकि पूरे जिले से टीबी का पूर्णरूपेण सफाया हो सके।इसी क्रम में रविवार को जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह पंचायती राज पदाधिकारी सविता सिंह ने टीबी के दो मरीजों को पोषाहार उपलब्ध कराते हुए उनका कुशल क्षेम जाना एवं उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
इस क्रम में अदरो पहाड़ की जबरी पहाड़िन एवं बांझी बाजार की गोविंद दत्ता को उन्होंने पोषाहार दिया। वहीं उन्होंने दोनों मरीजों को नियमित रूप से दवा खाने को भी कहा।
बातचीत के क्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने मरीजों से कहा कि अगर आप इसी प्रकार टीबी की दवा का सेवन करते रहेंगे एवं दवा का कोई भी डोज़ नहीं छोड़ेंगे तो निश्चय ही आप दोनों स्वस्थ्य होकर आगे अपना जीवन यापन करेंगे।





