जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय के डिस्पैच सेंटर का किया निरीक्षण
3 विधानसभा में चुनाव कराने,पोलिंग पार्टियां ईवीएम- मतदान सामग्री लेकर हुईं रवाना
उपायुक्त ने पोलिंग पार्टियों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया, शुभकामनाएं दीं
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,हजारीबाग। हजारीबाग जिला के तीन विधानसभा क्षेत्र बरकट्ठा,बरही और हजारीबाग में 13 नवंबर को मतदान होना है।इसको लेकर पोलिंग पार्टियां मंगलवार को विनोबा भावे विश्वविद्यालय से रवाना हुईं।रवानगी की तैयारियां और डिस्पैच प्रक्रियाओं का जायजा लेने जिला निर्वाचन पदाधिकारी नैंसी सहाय पहुंची।
निरीक्षण के क्रम में 3 विधानसभा के मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टी को रवाना करने के लिए रूट मैप, ईवीएम और तैयार मतदान सामग्री के वितरण की जांच की। वहीं नियुक्ति पत्र वितरण काउंटर, हेल्प डेस्क, मटेरियल डिस्पैच सेंटर, विधानसभा वार कार्मिक कोषांग, पोलिंग पार्टी डिस्पैच सेंटर, कार्मिक रिजर्व, पोलिंग पार्टी के बैठने की व्यवस्था आदि तथा वाहन पड़ाव का भी अवलोकन किया।डिस्पैच सेंटर में ईवीएम और मतदान सामग्री को बूथवार रखा गया है, ताकि पोलिंग पार्टियों को सामग्री देने में किसी तरह की परेशानी न हो।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने डिस्पैच कार्य हेतु प्रतिनियुक्त कर्मियों को लेकर निर्देश दिया कि मतदान कर्मियों के बीच सुलभ तरीके से नियुक्ति पत्र वितरण, मतदान सामग्रियों तथा ईवीएम मशीन उपलब्ध कराएं। मतदान कर्मियों को सभी प्रकार के सामाग्री वितरण के लिए काउंटर बनाये गये हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी नैंसी सहाय ने मतदान कर्मियों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया।उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तथा सौहार्दपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराने की जिले की स्वस्थ परंपरा रही है। विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण,भयमुक्त और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। मतदान प्रक्रिया में नियुक्त सभी कार्मिक निष्पक्ष, निष्ठापूर्वक, प्रतिबद्धता और कर्तव्य परायणता तथा आपसी सामंजस्य के साथ चुनाव संपन्न कराएं भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी।उन्होने जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं से 13 नवम्बर को शत प्रतिशत मतदान की अपील की है।





