प्रतिनिधि,जमशेदपुर।विगत कई दिनों से जिला स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत अनुबंध कर्मियों का हड़ताल जारी है। जिसके तहत सहिया व सीएचओ भी हड़ताल पर है।ऐसे में मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।सोमवार को परसुडीह स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के समीप एक ओर जहा अनुबंध कर्मी प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर एक मरीज खून के लिए भटक रहा था। मरीज का नाम सुशील सरदार है। वह पोटका के डोकरसाही गांव निवासी है। मरीज को टीबी के साथ-साथ एनीमिया भी है। चिकित्सकों ने उसे खून चढ़ाने की जरूरत बताई है। अगर जल्द ही खून नहीं चढ़ाई गई तो उसकी स्थिति गंभीर हो सकती है।
20 दिनों से बंद है ब्लड बैंक
वहीं अनुबंध कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से परसुडीह खासमहल स्थित सदर अस्पताल परिसर में संचालित ब्लड बैंक भी 20 दिनों से बंद है। जिससे रोजाना मरीजों को लौटना पड़ रहा है। साथ ही ब्लड बैंक में कोई शिविर भी आयोजित नहीं हो रहा है। ऐसे में ब्लड बैंक में खून की कमी हो गई है।
घाघीडीह सेंट्रल जेल के कैदी सीखेंगे योग
परसुडीह स्थित घाघीडीह सेंट्रल जेल के कैदी अब योग सीखेंगे। जिसको लेकर सिविल सर्जन डॉ जुझार माझी ने जुगसलाई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी को निर्देश दिया है। वहीं सिविल सर्जन ने कहा है कि एक योग शिक्षक को जेल के अंदर तैनात किया जाएगा। ताकि वह कैदियों को योग सीखा सकें। जबकि कई सर्वे में पाया गया है कि कैदी मानसिक तनाव से अधिक ग्रस्त होते हैं।





