जमशेदपुर। स्कूलों में पठन-पाठन, शिक्षक एवं छात्रों की उपस्थिति का जायजा लेने जिला शिक्षा अधीक्षक निशु कुमारी ने बुधवार पोटका और जमशेदपुर सदर प्रखंड के सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एनपीएस और पाथर चाकरी में 16 बच्चों में से 12 बच्चे ही उपस्थित मिले। साथ ही विद्यालय में मध्याह्न भोजन भी संचालित था।मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक एवं एपीओ अखिलेश कुमार ने भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए खुद बच्चों के साथ बैठकर मध्याहन भोजन भी किया।
विद्यालय के पठन पाठन एवं रुटीन में बदलाव के लिए निर्देश भी दिए।वहीं उत्क्रमित उच्च विद्यालय शंकरदा में कक्षा 9 एवं 10 में हो रही मासिक परीक्षा का निरीक्षण भी किया। बच्चों की कॉपियों को सील बंद कर बीआरसी में जमा कराने का निर्देश भी दिया गया। संबंधित कॉपियों की जांच दूसरे प्रखण्ड में की जाएगी। जबकि जमशेदपुर प्रखंड के कदमडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय के निरीक्षण के क्रम में प्रयोगशाला और पुस्तकालय का उपयोग नहीं पाया गया। जिसके बाद रुटीन में बदलाव का निर्देश दिया गया। ज्ञान सेतु में अंग्रेजी के कक्षाओं में अंग्रेजी में संवाद कराने का अभ्यास कराया गया। साथ ही निर्देश दिया गया कि छोटे-छोटे स्क्रिप्ट में बच्चों से प्रतिदिन अभ्यास कराया जाय। रूटीन में आवश्यक बदलाव किया जाए। प्रतिदिन प्रयोगशाला, पुस्तकालय की घंटी का समावेश किए जाने का निर्देश भी दिया गया।





