जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी,स्वीप कोषांग ने स्वीप एक्टिविटी को लेकर की बैठक
स्वीप कोषांग की बैठक में मतदाता जागरूकता को लेकर लिए गए निर्णय
पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग स्नेह कश्यप ने स्वीप एक्टिविटी को लेकर अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में सोमवार को बैठक आयोजित की। बैठक में मुख्य रूप से लोकसभा आम निर्वाचन 2024 को सफल बनाने के लिए जिला स्वीप कोषांग के द्वारा वृहत प्रचार प्रसार करने पर चर्चा हुई। साथ ही लोकसभा आम चुनाव 2024 के मद्देनजर स्वीप कोषांग द्वारा किए जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
इस दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्वीप कोर कोषांग के सभी पदाधिकारीगण अपने-अपने कार्यों का निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे। स्वीप कोषांग का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में पंजीकरण बढ़ाकर कोई मतदाता न छूटे, श्लोगन को चरितार्थ करना, शत प्रतिशत मतदाता द्वारा मतदान प्रक्रिया में भाग लेना सुनिश्चित करना, पीडब्लूडीएस मतदाता पंजीकरण एवं उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि जिला स्वीप प्लान का कार्य मतदाता सूची में पंजीकरण बढ़ाकर मतदान प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाना, नैतिक एवं गुणवत्तापूर्ण मतदाता सहभागिता सुनिश्चित करना, युवा मतदाताओं विशेषकर 18 से 19 वर्ष का पंजीकरण करना, प्रजातंत्र एवं चुनाव प्रक्रिया पर सतत प्रशिक्षण एवं प्रचार प्रसार करना, निर्वाचक नामावली में दृष्टिगत जेंडर गैप कम करना तथा वंचित वर्गाें का पंजीकरण कराना, दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं का शत प्रतिशत पंजीकरण एवं मतदान प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करना आदि शामिल है।
इस दौरान जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर यूनिसेफ, कार्यक्रम प्रबंधक, पीरामिल फाउंडेशन, प्रधान लिपिक, स्वीप कोषांग, वरीय लेखा लिपिक, स्वीप कोषांग व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।





