विशेष संवाददाता,रांची। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता बिनय कुमार सिंह ने कहा कि चम्पई सोरेन सरकार हेमंत सरकार पार्ट-2 साबित हुई है। चम्पई सोरेन सरकार ने भी पूर्वर्ती हेमन्त सोरेन सरकार की तरह भ्रष्टाचार को आगे बढ़ाया है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को युवाओं की तनिक भी चिंता है तो सीबीआई जांच की हिम्मत दिखाएं मुख्यमंत्री।





बिनय कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार मुक्त परीक्षा की गारंटी होगी।दो बार जेपीएससी परीक्षा हुई, 2 वर्ष पूर्व 7-10वीं परीक्षा के एक सेंटर में क्रम से लोग पास हुए। बाद में किसी का ओएमआर शीट नही मिला। रविवार को जेपीएससी 11वीं की परीक्षा में चतरा और जामताड़ा जिला में प्रश्नपत्र का सिल खुला हुआ मिला।उन्होंने कहा कि इससे पूर्व जेएससीसी सीजीएल की परीक्षा में 30-40 लाख में प्रश्नपत्र बिका। ईडी कार्रवाई में भी पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विनोद सिंह के चैट में इसका खुलासा हुआ। साथ ही कई छात्रों का एडमिट कार्ड भी विनोद सिंह के आवास से मिला।





बिनय कुमार सिंह ने कहा कि विभिन्न राज्यों में ब्लैक लिस्टेड ऐजेंसी से झारखंड में परीक्षा करवाया गया और सभी में कहीं न कहीं विवादित रहा।वर्तमान सरकार में खान, खनिज, कोयला, पत्थर, बालू, दारू के बेचने के बाद अब राज्य सरकार झारखंड के युवाओं का भविष्य भी बेच रही है।





बिनय कुमार सिंह ने कहा कि 4 वर्षो में राज्य सरकार न ही स्थानीय नीति और न ही नियोजन नीति बना सकी,जो भी नौकरियां बांटी जा रही है वो पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की देन है।उन्होंने कहा कि भाजपा ही केंद्र और राज्य में एक मात्र विकल्प है। भाजपा सरकार में चुन चुनकर अपराधी एवं भ्रष्टाचारियों को जेल में डाला जाएगा।





प्रेस वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाईक एवं प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज़ उपस्थित थी।