रांची। झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की राहें राज्यसभा चुनाव को लेकर जुदा हो गई हैं।राज्यसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी की दावेदारी को खारिज करते हुए झामुमो ने अपनी पार्टी से उम्मीदवार की घोषणा कर दी है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी नेता महुआ माजी के नाम का ऐलान करते हुए उम्मीदवार बनाया है।
इससे पहले कांग्रेस की ओर से कई बार कहा चुका था कि राज्यसभा में कांग्रेस को मौका मिलेगा।कांग्रेस का कोई नेता या कार्यकर्ता गठबंधन की ओर से राज्यसभा का उम्मीदवार होगा,लेकिन झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस के दावों की हवा निकाल दी। राजधानी रांची में सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में सीएम सोरेन ने राज्यसभा चुनाव के गठबंधन उम्मीदवार के तौर पर पार्टी की महिला नेता महुआ माजी के नाम की घोषणा कर दी।सीएम सोरेन मीडिया से बातचीत करते हुए कहा की झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के आदेश से पार्टी ने महुआ माजी को राज्यसभा का टिकट दिया है।
इससे पहले राजधानी रांची में झामुमो विधायक दल की बैठक के बाद सीएम सोरेन ने दिल्ली में कांग्रेस प्रेसिडेंट सोनिया गांधी से मुलाकात की।दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीएम सोरेन ने बताया था कि सोनिया जी से लगभग 1 घंटे की बातचीत में तय हो गया है कि सत्तारूढ़ गठबंधन से कोई एक नेता साझा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेगा,लेकिन दिल्ली में उन्होंने नाम का ऐलान नहीं किया। तब कहा गया था कि झारखंड जाकर उम्मीदवार के नाम की जानकारी दी जाएगी और सीएम सोरेन ने कांग्रेस के तमाम दावे की हवा निकालते हुए अपनी पार्टी की दावेदारी ठोक दी है।





