रांची।झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां होले-होले बढ़ रही है।राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक दल की बैठक आज शनिवार को होने जा रही है।बैठक में राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी देने समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी।
मिली जानकारी के अनुसार झामुमो ने राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारने के लिए तैयारी पूरी कर ली है।शनिवार को राजधानी रांची में आयोजित बैठक में पार्टी के विधायक दल के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और जिलाध्यक्षों को बुलाया गया है,जहां प्रत्याशी के नाम पर चर्चा होने के बाद रणनीति बनेगी।बैठक में झामुमो मुखिया शिबू सोरेन, कार्यकारी अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पार्टी के सभी विधायक मौजूद रहेंगे।
झामुमो का कांग्रेस के दावे पर पलटवार
कांग्रेस के दावे पर झामुमो के वरिष्ठ नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि कांग्रेस का दावा सही नहीं है।भले ही गठबंधन की सरकार है, लेकिन झामुमो संख्या बल में सबसे अधिक है।इस लिहाज से झामुमो का ही दावा बनता है।उन्होंने कहा कि अगर पिछले राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी उम्मीदवार नहीं उतारती तो दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भाजपा प्रत्याशी से एक वोट कम नहीं मिलते।
सोनियां गांधी से जल्द होगी मुलाकात
झारखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि कांग्रेस का प्रयास है कि यूपीए का एक ही सर्वसम्मत कैंडिडेट हो।बहुत जल्द वो और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलेंगे।इसके बाद तस्वीर साफ हो जाएगी।बता दें कि कांग्रेस भी राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशी देने की बात कह रही है।इसको लेकर सत्ता पक्ष में कांग्रेस-झामुमो के बीच अलग-अलग राग अलापे जा रहे हैं।
10 जून को राज्यसभा चुनाव की वोटिंग
आपको बता दें कि झारखंड में राज्यसभा के खाली हो रहे दो सीट के लिए 10 जून को वोटिंग है। 31 मई तक प्रत्याशियों का नामांकन हो सकेगा।अभी तक सत्ता पक्ष या विपक्ष की ओर से प्रत्याशी तय न होने की वजह से किसी ने नामांकन नहीं किया है,लेकिन उम्मीद है कि 31 मई से पहले-पहले तस्वीर साफ हो जाएगी।





