हजारीबाग के दारू में इंटर में पढ़ने वाली एक दलित छात्रा से पांच युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।सोमवार को लड़की की हालत बिगड़ने पर उसे शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया।इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी हुई।
पीड़िता के परिजनों के अनुसार बच्ची से 18 सितंबर की सुबह सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।उस समय वो तीन अन्य लड़कियों के साथ शौच के लिए घर से बाहर निकली थी।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाई गई पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने दुष्कर्म का वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी।इस लिए हम डरकर घटना की जानकारी परिजनों को नहीं दी। पुलिस ने लड़की के बयान के आधार पर आशीष, दीपक, विनोद उर्फ गुबला एवं दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी पीड़िता के पड़ोस के गांव के रहने वाले हैं।
पीड़िता ने बताया कि 18 सितंबर की सुबह चार बजे सुबह आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया।वो और दो अन्य लड़कियां शौच के लिए सुबह निकली थीं। पांच लड़कों ने बाइक से उनका पीछा किया। दो लड़कियां भाग निकलीं जबकि उसे पकड़ कर दरिंदों ने बाइक पर जबरन बैठा लिया। इसके बाद सुनसान जगह ले जाकर बारी-बारी दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आशीष और विनोद ऊर्फ गुबला ने उसे घर पहुंचाया और धमकी दी कि किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे। लाज-शर्म के कारण वह चुप रही। लेकिन जब शारीरिक स्थिति बिगड़ने लगी, तब परिजनों को जानकारी दी।
अस्पताल में भर्ती पीड़िता की मेडिकल जांच सोमवार को कराई गई। दारू थाने के एसआई अरविंद साव ने पीड़िता का बयान दर्ज किया है।
दलित लड़की से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद शहर के विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में काफी रोष व्याप्त है।पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के विकास बाल्मिकी ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
इस मामले में पुलिस ने पीड़िता का बयान लिया है।पुलिस मामले की जांच पड़ताल और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।





