रांची।झारखंड के कई हिस्सों से मानसून वापस लौट चुका है। दो-तीन दिन के अंदर पूरी तरह से राज्य से मानसून की वापसी हो जाएगी।इस बीच बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बन रहा है।चक्रवात के असर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने का आसार हैं।यह जानकारी राजधानी रांची स्थित मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने शुक्रवार को दी।
धनबाद के पपुंकी में हुई सबसे ज्यादा बारिश
अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कई जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई।धनबाद के पपुंकी में सबसे अधिक 22.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी। इस दौरान चाईबासा सबसे गर्म स्थान रहा,जहां उच्चतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।गुमला सबसे ठंडा रहा।यहां न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तीन दिनों तक झारखंड में होगी वर्षा
अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों तक राज्य में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी और गरज के साथ छींटे पड़ेंगी।कुछ जगहों पर वज्रपात की भी संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट की संभावना है।इसके बाद अगले तीन चार दिनों तक तापमान में किसी प्रकार के बदलाव के संकेत नहीं दिखाई दे रहे। 15 से 17 अक्तूबर तक राज्य में कहीं-कहीं पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।
अगले पांच दिन तक तापमान में बदलाव के संकेत नहीं
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि 14 अक्तूबर को राज्य के दक्षिणी तथा मध्य भागों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बदलाव के संकेत नहीं दिखाई दे रहे हैं। 15 अक्तूबर को दक्षिणी तथा मध्य भागों में और 16 अक्तूबर को दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में, 17 अक्तूबर को दक्षिण-पश्चिमी तथा मध्य भागों में और 18 अक्तूबर को प्रदेश के पश्चिमी तथा मध्य भागों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।
झारखंड के जिलों से लौट गया मानसून
अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हिस्से से मानसून लौट गया है।बाकी हिस्से से तीन दिन के भीतर मानसून की वापसी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा जिले से मानसून की वापसी हो चुकी है।अगले तीन दिन के भीतर झारखंड के बाकी हिस्से से भी मानसून लौट जाएगा।





