रांची।झारखंड में मौसम ने अपना मिजाज कुछ नर्म किया है। राज्य के कई इलाकों में रविवार को बादल गरज और वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बने टर्फलाइन का असर विभिन्न इलाकों में दिखा। कुछ जगहों पर दिन में धूप खिली रही तो कई स्थान पर आसमान में बादल छाए रहे।झारखंड से गुजरे टर्फलाइन के कारण राज्य के मध्य, उत्तर पश्चिमी, दक्षिणी एवं उत्तर पूर्वी भाग में सोमवार से बुधवार तक मौसम में बदलाव दिखाई देगा।





मौसम केंद्र के वैज्ञानकि एससी मंडल के अनुसार रविवार को मौसम में बदलाव के बीच रांची, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, मेदिनीनगर, गढ़वा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह समेत निकटवर्ती जिले में हल्की बारिश के बीच आंधी चली। प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान के कम होने से मौसम सुहाना बना रहा।





वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 40.7, रांची का 34.4 और जमशेदपुर का 35.6 डिग्री सेसि रहा। पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक बारिश लोहरदगा में 21.8 मिमी दर्ज हुआ। इसके अलावा ओरमांझी, लातेहार, जगन्नाथपुर, रांची, नीमडीह, बोकारो, चंद्रपुरा, चाईबासा, खूंटी, रामगढ़, गोड्डा, जमशेदपुर, चतरा, बोकारो थर्मल, बालूमाथ समेत अन्य स्थान पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।