रांची।झारखंड में गुलाबी ठंड के बीच सियासी पारा चढ़ने लगा है,क्योंकि राज्य में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।ईडी ने डीजीपी ऑफिस को एक पत्र भेज कर राजधानी रांची के जोनल कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।माना जा रहा है कि ईडी राज्य के बड़े राजनीतिक शख्सियत को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है।ऐसे में ईडी ऑफिस के बाहर विरोध-प्रदर्शन को लेकर कोई कानून व्यवस्था की स्थिति न उत्पन्न हो जाए इसे लेकर सुरक्षा बढ़ाने के लिए पत्र लिखा गया है।





ईडी ने डीजीपी ऑफिस को भेजा पत्र





प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने डीजीपी ऑफिस को मंगलवार को एक पत्र भेजा है।ईडी ने पत्र में पुलिस बलों की मांग की है। डीजीपी ऑफिस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने पत्र की पुष्टि भी की है।बताया जा रहा है कि ईडी ने पुलिस सुरक्षा मुहैया न होने पर अर्धसैनिक बलों को तैनात किया जा सके।इसके लिए सीआरपीएफ को भी पत्र लिखा है।ईडी के इस पत्र के बाद सियासी गलियारे में कई तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म हो रहा है।इसे तत्कालीन खनन सचिव आईएएस पूजा सिंघल की गिरफ्तारी के बाद से अब तक ईडी की कार्रवाइयों को जोड़ा जा रहा है।सूत्रों की अगर मानी जाए तो अगले कुछ दिन झारखंड की सियासत के लिए बहुत अहम हैं।





झारखंड में बड़ी कार्रवाई की तैयारी में ईडी





झारखंड में ईडी बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।ईडी ने अब तक की जांच में कई सारे तथ्यों पर काम तेज कर दिया है।प्रेम प्रकाश के घर पर छापेमारी के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सुरक्षा में तैनात दो जवानों के हथियार मिले थे।इस मामले में मुख्यमंत्री के सुरक्षा प्रभारी को भी ईडी ने नोटिस जारी किया। ईडी के नोटिस पर न पहुंचने पर सीएम सुरक्षा प्रभारी को दोबारा नोटिस भेजने की तैयारी थी।