संवाददाता,गोड्डा। झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने सुंदर पहाड़ी प्रखंड मुख्यालय के पास स्थित फुटबॉल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। सर्किट हाउस गोड्डा से सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचने के उपरांत राज्यपाल का एकलव्य मॉडल कन्या आवासीय विद्यालय तसरिया सुंदरपहाड़ी की छात्राओं द्वारा पारंपरिक रीतिरिवाज से स्वागत किया गया।इसके उपरांत राज्यपाल, उपायुक्त ,गोड्डा एवं पुलिस अधीक्षक ,गोड्डा द्वारा दीप प्रज्जवलित कर विधिवत रूप से कार्यक्रम का उद्धघाटन किया गया।
कार्यक्रम का आरंभ करते हुए उपायुक्त गोड्डा द्वारा राज्यपाल के गोड्डा आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए गोड्डा जिले का संक्षिप्त परिचय दिया गया। इसके उपरांत राज्यपाल द्वारा उपस्थित जनसमूह के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनसे सरकारी योजनाओं से हो रहे लाभों, जरूरतों और सरकार से उनकी अपेक्षाओं की जानकारी ली गई। इस क्रम में जेएसएलपीएल के स्वयं सहायता समूह से संबद्ध डॉली कुमारी गोड्डा सदर द्वारा बताया गया कि पहले वे काफी निर्धन थीं। जेएसएलपीएल के स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें ग्रामीण स्तर पर अजीविका संवर्द्धन की योजनाओं से काफी लाभ प्राप्त हुआ। साथ ही जेएसएलपीएल के मार्गदर्शन में उन्हें अपने बचत के लाभकारी निवेश के तरीकों से भी काफी लाभ प्राप्त हुआ।
जुली कुमारी सदस्य स्वयं सहायता समूह कुर्मीचक सुंदर पहाड़ी ने राज्यपाल को बताया कि पहले उसके पास रहने को घर नहीं था,बच्चों को अच्छे से पढ़ाने का साधन नहीं था। जेएसपीएल के स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें स्वरोजगार हेतु ऋण मिला, जिससे आय में वृद्धि हुई और आवास व बच्चों की शिक्षा जैसी आधारभूत आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग मिला। जेएसपीएल के मार्गदर्शन में एसएचजी सदस्यों द्वारा गांव की अन्य महिलाओं को भी आजीविका संवर्द्धन के उपायों से अवगत कराने में उनके द्वारा सक्रिय भूमिका निभाई जा रही है।इसी क्रम में राज्यपाल के समक्ष अपनी बात रखते हुए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सुंदरपहाड़ी की छात्रा अनिता कुमारी के द्वारा बताया गया कि राज्य सरकार के प्रयासों से उसके विद्यालय को सीबीएसई से संबद्धता दिलाते हुए स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा प्रदान किया गया है,जिससे स्कूल में पठन-पाठन, शिक्षण ,कंप्यूटर एजुकेशन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है। इससे ग्रामीण आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाली छात्राओं को आधुनिक शिक्षा आसानी से सुलभ हो पा रही है । इसके लिए स्कूली छात्राओं द्वारा सरकार का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
उपस्थित जनसमूह से संवाद के उपरांत राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा राज्य के आर्थिक विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है। योजनाओं के लाभ से सभी योग्य लाभुकों को आच्छादित करते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास का राज्यपाल द्वारा आह्वान किया गया। स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भविष्य के प्रतिस्पर्धी माहौल का सामना करने और सफल होने का एकमात्र स्रोत अच्छी शिक्षा है।इस संबंध में शिक्षकों से उन्होंने अपील की कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देने में वे अपने कर्तव्य का पूरी तरह से निर्वहन करें।शिक्षकों को जिला प्रशासन से हर संभव सहयोग लेने हेतु भी प्रेरित किया गया।
राज्यपाल ने सभी उपस्थित जनसमूह ,मुखिया एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।मौके पर उप विकास आयुक्त ,गोड्डा संजय सिन्हा , अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा जेसी विनीता केरकट्टा , अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोड्डा आनंद मोहन सिंह, जिला नजारत उपसमाहर्ता गोड्डा नागेश्वर साव गोड्डा सहित अन्य जिला एवं प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारीगण मौजूद थे।





