रांची।झारखंड में डेंगू और चिकनगुनिया के बढ़ते हुए कहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है।विभाग के अभियान निदेशक भुवनेश प्रताप सिंह ने सभी जिलों के डीसी को डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम को लेकर आवश्यक दिशानिर्देश दिए हैं।अभियान चलाकर इसकी रोकथाम का प्रचार-प्रसार करने और लोगों को घर के आस-पास जलजमाव नहीं करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।





निर्देश में निजी अस्पतालों में डेंगू के संभावित रोगियों की सूची राज्य मुख्यालय को हर माह भेजने के लिए कहा गया है।रिम्स, सदर अस्पताल रांची, एसएनएमसीएच धनबाद, एमजीएम टाटा, डीपीएचएल चाईबासा, साहिबगंज सेंटिनल सर्विलांस अस्पताल के रूप में चिन्हित किए गए हैं। यहां जांच और इलाज की व्यवस्था है।





एनएस- 1 रैपिड टेस्ट किट पर प्रश्नचिन्ह





डेंगू-चिकनगुनिया के संभावित मरीजों की जांच के लिए बाजार में मिलने वाले एनएस-1 रैपिड टेस्ट किट पर प्रश्नचिन्ह लगा है। ऐसे में संभावित रोगियों के सैंपल चिन्हित सरकारी अस्पताल और जांचघरों में कराने का निर्देश दिया गया है।





रिम्स में सिर्फ डेंगू के आठ मरीज





रिम्स में डेंगू के आठ संक्रमित मरीज भर्ती हैं। दो दिनों में पांच को छुट्टी दी गई है। भर्ती मरीजों को प्लेटलेट्स की दवाइयां दी जा रही हैं। बताया गया कि एहतियात के तौर पर 20 बैड तैयार हैं।





ये निर्देश जारी





टीम गठित कर घर-घर जाकर मच्छरों के प्रजनन की पहचान और उसे नष्ट करें।





घर के अंदर रखे कूलर, गमला, गुलदस्ता, घर की छत पर रखी पानी की टंकी का निरीक्षण करें।





नाला और गड्ढे, जहां जलजमाव होता है, वहां लार्वा नष्ट करें।





डेंगू के लार्वा की आशंका होने पर तुरंत सूचना दें।





वार्ड एक, दो, 26, 27, 28, 29, 30, 31, 32, 33, 34, 35 और 36 के लिए जोनल सुपरवाइजर से मोबाइल- 7991134806 पर संपर्क करें।





वार्ड तीन, चार, पांच, छह, सात, आठ, नौ, 10, 11, 12,18 और 47 के लिए मोबाइल संख्या- 8789195916 पर संपर्क करें।





वार्ड 13, 14, 15, 16, 17, 20, 21, 22, 23, 24, 25 और 26 के लिए मोबाइल- 8709041717 पर करें संपर्क।





वार्ड 37, 38, 39, 40, 41, 42, 43, 44, 48, 49, 50, 51, 52 और 53 के लिए मोबाइल- 9693128344 पर संपर्क करें।





10 दिन बाद निकली निगम की कोल्ड फॉगिंग मशीन





शहर में डेंगू-चिकनगुनिया के बढ़ते हुए कहर पर नगर निगम अब धीरे-धीरे जाग रहा है। 10 दिन पहले नगर निगम के पास पहुंची छह कोल्ड फॉगिंग मशीन का उपयोग शनिवार से शुरू किया।संक्रमण के लक्षण समेत बचाव के उपाय को लेकर पंफलेट जारी किया,आठ वार्ड में सघन अभियान चलाया गया। छह कोल्ड फॉगिंग मशीनों को इलाके में भेजने से पहले निगम कार्यालय के बाहर समारोह हुआ।





नगर आयुक्त शशि रंजन और डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया।डिप्टी मेयर ने कहा कि रोस्टर के मुताबिक इन मशीनों का हर वार्ड में प्रयोग होगा। नगर आयुक्त शशि रंजन ने कहा कि कोल्ड फॉगिंग मशीन के अलावा हैंड स्प्रे और अन्य उपकरणों के जरिए भी छिड़काव जारी है। मौके पर कई अफसर और निगमकर्मी मौजूद थे।