साहिबगंज।झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है।यहां एक 60 वर्ष की बुजुर्ग महिला को कुछ लोगों ने कथित तौर पर डायन बताते हुए निर्वस्त्र कर पेड़ से बांध दिया।पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि उसे 21 हजार रुपए देने की शर्त पर छोड़ा गया।





पुलिस ने बताया कि साहिबगंज जिले के बरहेट थाने में महिला की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी को 21 हजार रुपए देने की शर्त पर उसे छोड़ा गया।





बरहेट थाना प्रभारी गौरव कुमार के मुताबिक पीड़िता ने दावा किया है कि ये घटना 20 दिन पहले घटित हुई और इसे ग्राम पंचायत सुलझा रही थी।थाना प्रभारी ने बताया कि महिला ने बुधवार को तीन लोगों के खिलाफ इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है।आरोपी फरार हैं और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए प्रयास जारी हैं।मामले की जांच जारी है और कुछ ग्रामीणों से पूछताछ की गई है।





दूसरी ओर थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी और पीड़िता पड़ोसी हैं और उनका आपसी विवाद है, जिसके चलते इस तरह के आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित से 21,000 रुपए लिए गए थे। पुलिस ने कहा कि मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।