साहिबगंज।झारखंड में गुरुवार को भी पहले चरण के लिए नामांकन का दौर जारी रहा।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को बरहेट से नामांकन दाखिल किया।सीएम हेमंत ने अपना नामांकन दो सेट में दाखिल किया।सीएम हेमंत की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद था।नामांकन दाखिल करने के बाद सीएम हेमंत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राज्य में फिर से इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि मैंने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।हमें जनता का समर्थन है।सीएम हेमंत ने साहिबगंज की तीनों विधानसभा सीट राजमहल, बरहेट और बोरियों में पार्टी की जीत का दावा किया।
सीएम हेमंत सोरेन सोरेन ने भाजपा के राज्य प्रभारी और प्रचार के लिए अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री के झारखंड आने पर हमला करते हुए कहा कि राज्य में कई प्रवासी मुख्यमंत्री घूम रहे हैं। चुनाव के बाद सब अपने काम में लग जाएंगे,झारखंड में कोई नजर नहीं आएगा।
बता दें कि झारखंड में गुरुवार को कई दिग्गजों ने नामांकन दाखिल किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने गांडेय विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया,कांग्रेस से दीपिका पांडेय सिंह ने महागामा से, डॉ. रामेश्वर ने उरांव से नामांकन दाखिल किया। आरजेडी के सुभाष यादव ने बरकट्टा से नामांकन दाखिल किया। भाजपा से नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने चंदनकियारी से, सीपी सिंह ने रांची से, नवीन जायसवाल ने हटिया से और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सरायकेला से नामांकन दाखिल किया।
बताते चलें कि झारखंड में चुनावी मुकाबला दो गठबंधनों के बीच है।एक तरफ झारखंड में सतारूढ़ इंडिया गठबंधन है, जिसमें झामुमो, कांग्रेस, आरजेडी, और सीपीएम शामिल हैं। दूसरी तरफ एनडीए गठबंधन है,जिसमें भाजपा, आजसू, जेडीयू और एलजेपी शामिल हैं।झारखंड विधानसभा चुनाव दो चरणों में होगा। 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी।पहले चरण के लिए 18 अक्टूबर से नामांकन शुरू हुआ था, जो 25 अक्तूबर तक चलेगा।दूसरे चरण के लिए 22 अक्तूबर से नामांकन शुरू हुआ था जो 29 अक्टूबर तक जारी रहेगा।





