गढ़वा।झारखंड स्थापना दिवस से एक दिन पहले लोगों को सोन नदी पर पुल का तोहफा मिलेगा।बिहार के रोहतास जिले के पंडुका और गढ़वा जिले के श्रीनगर को मिलाकर सोन नदी में बनने वाले अति महत्वपूर्ण पुल निर्माण की आधारशीला सोमवार 14 नवंबर को रखी जाएगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इसका शिलान्यास करेंगे।
चार राज्यों को जोड़ेगा पुल
210.13 करोड़ की लागत से 2.15 लंबा पुल बनेगा।ये पुल बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की सीमा को जोड़ेगा।यह सड़क गढ़वा जिले के नगरउंटारी नेशनल हाईवे-75 से शुरू होकर इस पुल को पार करते हुए बिहार के रोहतास जिले के पंडूका से अकबरपुर नेशनल हाईवे-119 से जुड़ जाएगी।मौजूदा समय में गढ़वा जिले की दूरी डेहरी ऑन सोन से 165 किलोमीटर है,लेकिन पुल निर्माण के बाद लगभग 100 से अधिक किलोमीटर की दूरी कम होकर 63 किलोमीटर हो जायेगी।इससे गढ़वा जिले में वाहनों का आवागमन बढ़ेगा और बिहार,छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के बीच भारी वाहनों का परिचालन इस रास्ते से सुगम हो जायेगा। इससे गढ़वा शहर में जो वाहन इन रास्तों में जाने के लिए प्रवेश करते है उससे शहर में लगने वाले जाम से निजात भी मिल जाएगी।ये पुल गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड के श्रीनगर गांव और डेहरी ऑन सोन से दक्षिण करीब 70 किलोमीटर दूरी पर स्थित पढ़ुका में बनाया जाना है।
सोमवार को गढ़वा और पलामू वासियों के लिए होगा ऐतिहासिक दिन
रविवार को इसको लेकर पलामू सांसद बीडी राम ने आरके वीएस संस्था में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सोमवार का दिन गढ़वा और पलामू जिलावासियों के लिए ऐतिहासिक होगा। सांसद ने कहा कि यह पुल जितना बिहार के लिए महत्वपूर्ण है उससे भी कहीं अधिक पलामू और गढ़वा जिला सहित झारखंड वासियों के लिए भी महत्वपूर्ण है।पुल निर्माण की मांग यहां की जनता द्वारा वर्षों से की जा रही थी। इसकी स्वीकृति के लिए वे साल 2014 से ही प्रयासरत थे।
दो साल के अंदर पूरा करने का लक्ष्य
सांसद बीडी राम ने कहा कि इस मामले को उन्होंने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान और नियम 377 के अंतर्गत कई बार सदन में उठाया है।सांसद ने कहा कि पत्राचार के माध्यम से और व्यक्तिगत रूप से भी मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर इस पुल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया था। इसके फलस्वरूप 15 मार्च 2021 को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पुल निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई थी।इसे दो साल के अंदर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
गढ़वा से बिहार और यूपी की कम होगी दूरी
सांसद बीडी राम ने कहा कि इस पुल के निर्माण से न केवल गढ़वा से बिहार और उत्तर प्रदेश की दूरी कम होगी, बल्कि यहां से लखनऊ पीजीआई इलाज कराने के लिए जाने वाले को भी काफी सहूलियत मिलेगी।सांसद ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र के दोनों जिले पलामू और गढ़वा से सैकड़ों की संख्या में मरीज इलाज के लिए हर महीने लखनऊ के पीजीआई जाते हैं। इस पुल के निर्माण से न केवल पलामू एवं गढ़वा जिले को लाभ होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाके के लोग भी लाभान्वित होंगे। व्यापार बढ़ने के साथ-साथ रोजगार के नए-अवसर भी उत्पन्न होंगे।सांसद ने कहा कि इस चिर प्रतिक्षित मांग को पूरा करने के लिए वे प्रधानमंत्री और मंत्री नितिन गडकरी के आभारी हैं।पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी, भाजपा नेता अलखनाथ पांडेय, वीरेंद्रनाथ दूबे, चंदन जायसवाल, उमेश कश्यप, संतोष दूबे, मथूरा पासवान आदि उपस्थित थे।





