पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।झारखंड राज्य के गठन के लिए किए गए आंदोलन में विशिष्ट योगदान के लिए संबंधितों को उनके सम्मान में उप विकास आयुक्त अपर समाहर्ता राज महेश्वरम द्वारा समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में कार्यक्रम आयोजित कर झारखंड आंदोलनकारी को प्रशस्ति पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया गया।





विदित हो कि गढ़वा जिला अंतर्गत कुल 116 आंदोलनकारियों का सूची गृह,कारा और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा प्राप्त है, जिसमें से 68 आंदोलनकारियों को 26 जनवरी एवं 15 अगस्त 2024 के अवसर पर सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही 13 आंदोलनकारियों को 27 अगस्त को समाहरणालय सभागार गढ़वा में सम्मानित किया गया था। इसी क्रम में 9 अक्टूबर को शेष बचे हुए 35 आंदोलनकारियों को उप विकास आयुक्त एवं अपर समाहर्ता द्वारा सम्मानित करने का कार्य किया गया।





कार्यक्रम का आयोजन गढ़वा जिला अंतर्गत झारखंड अलग राज्य गठन के लिए किये गये आंदोलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के लिए किया गया। यहां यह उल्लेखनीय है कि एकिकृत बिहार के समय झारखंड अलग राज्य गठन के लिए किये गये आंदोलन में इन आंदोलनकारियों द्वारा अदम्य साहस का परिचय दिया गया था तथा आंदोलन के क्रम में इनके उपर कई मुकदमा भी दर्ज हुआ,परन्तु ये अपने उदेश्य से डिगे नहीं तथा झारखंड अलग राज्य गठन में अपना बहुमुल्य योगदान दिया। इस सम्मान समारोह के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आंदोलनकारी सम्मानित हुए,जिसमें दिलीप कुमार,केश्वर राम, गोपाल चौबे,रेणु देवी,मीरा देवी आदि समेत कुल 35 आंदोलनकारी को सम्मानित किया गया।