जमशेदपुर : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन एवं टाटा मोटर्स प्रबंधन के बीच एक बार पुनः एक कर्मी के आकास्मिक निधन पर समझौता हुआ। बताते चलें कि 9 जनवरी को भी एक अस्थाई कर्मी श्रीराम शर्मा जो टाटा मोटर्स एक्सेल डिविजन में कार्यरत थे उनका निधन हो गया था। इससे पूर्व गोविंदपुर निवासी टाटा मोटर्स कर्मी गणेश चंद्र महतो की विगत 5 जनवरी को आकस्मिक निधन हो गया था। तब भी यूनियन की पहल पर समझौता कराया गया था।
उधर परिजनों के अनुरोध पर बुधवार को यूनियन ने पहल करते हुए सम्मानजनक समझौता कराने में सफल रहा। समझौते के तहत स्वर्गीय श्रीराम शर्मा के सुपुत्र को छात्रवृत्ति समेत 3 साल के डिप्लोमा के पश्चात स्थाई नौकरी प्रदान की जाएगी। वहीं स्वर्गीय शर्मा के सुपुत्री को प्लस टू तक की पढ़ाई के लिए सलाना 36 हजार रुपये दिए जाएंगे। जबकि स्वर्गीय शर्मा की पत्नी को अस्थाई सेवा निधि के तौर पर 30 लाख रुपये एवं पीएफ के 10.30 लाख रुपये दिए जाएंगे। बुधवार को प्रबंधन की ओर से उपलब्ध कराया गया लिखित पत्र यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह, महामंत्री आर के सिंह, ई आर हेड सौमिक रॉय समेत अन्य अधिकारियों के द्वारा स्वर्गीय शर्मा के पुत्र व पुत्री को संयुक्त रूप से सौंपा गया। महामंत्री आरके सिंह ने इस समझौते के लिए प्रबंधन के वरीय अधिकारियों के प्रति आभार जताया। बताते चले कि एक सप्ताह के भीतर दो कर्मियों के आकास्मिक निधन से प्रबंधन और यूनियन मर्माहत है। वहीं मजदूरों में साथी कर्मचारियों के निधन से शोक व्याप्त है।





