जमशेदपुर।झारखंड के जमशेदपुर के स्कूल में नकल रोकने को लेकर कपड़े उतरवाकर चिट की जांच करने से आहत दलित छात्रा ने खुद को आग लगा ली।घटना शुक्रवार शाम पांच बजे की है।छात्रा साकची के रामकृष्ण मिशन द्वारा संचालित शारदामणि गर्ल्स स्कूल में 9वीं में पढ़ती है।गंभीर रूप से जली हुई छात्रा को एमजीएम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।जहां उसे टीएमएच रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक छात्रा 80 फीसदी से अधिक जल चुकी है।





छात्रा ने अस्पताल में डॉक्टर को बताया कि क्लास में सभी बच्चियों के सामने उसके कपड़े उतरवाकर जांच की गई। हालांकि स्कूल की प्राचार्य ने कपड़े उतरवाकर जांच करने के आरोप को गलत बताया है।परिजनों के मुताबिक छात्रा लगभग साढ़े चार बजे स्कूल से घर आई।स्कूल से लौटने पर वह काफी गुमसुम थी।उसने अपनी दोनों बहनों को दूसरे कमरे में जाने के लिए कहा और उसके बाद वह अपने कमरे में चली गई।दस मिनट बाद कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाज आई और धुआं निकलने लगा।जब कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो छात्रा छटपटा रही थी। पूरे शरीर में आग फैल चुकी थी। आनन-फानन में किसी तरह आग को बुझाकर उसे एमजीएम अस्पताल में ले जाया गया।





छात्रा ने कहा-कपड़े उतरवा की गई जांच





छात्रा ने इलाज के दौरान डॉक्टर को बताया कि शुक्रवार को सोशल साइंस की परीक्षा थी।नकल करने के आरोप में चंद्रा दास मैडम ने सभी लड़िकयों के सामने मेरे कपड़े उतरवाकर तलाशी ली।मेरे पास कोई चिट नहीं मिली। छात्रा ने बताया कि मैं बहुत अपमानित महसूस कर रही थी।इसलिए मैं मर जाना चाहती हूं। अपमान से आहत होकर मैंने अपने शरीर पर केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगा ली।





कपड़े उतार जांच की बात पूरी तरह बेबुनियाद





साकची स्थित शारदामणि गर्ल्स हाई स्कूल रामकृष्ण मिशन की आर्थिक सहायता से चलता है। यहां 12वीं तक की पढ़ाई होती है। बेहद मामूली शुल्क पर गरीब बच्चों का शिक्षा दी जाती है।वहीं स्कूल की प्राचार्य गीता रानी महतो ने कहा कि नकल करने की शिकायत उसकी शिक्षक चंद्रा दास ने मुझसे भी की थी। मैनें बच्ची को बुलाकर समझाया था। कपड़ा उतारकर जांच करने वाली बात गलत और बेबुनियाद है।





पिछले साल छात्रा के पिता की हो चुकी है मौत





छात्रा चार बहन है।उसके पिता का निधन पिछले साल हो चुका है। छात्रा की मां ने कहा कि पति के मरने के बाद वह मजदूरी कर परिवार चलाती है। उसका परिवार बर्बाद हो गया। आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई होनी चाहिए।