जमशेदपुर।उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर जिले में टीबी रोगियों को चिन्हित करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार सभी प्रखंड और शहरी क्षेत्र में कुल 55 कैम्प आयोजित किए गए। वहीं कैम्प में आए 1149 टीबी संभावित मरीजों की जांच करते हुए बलगम संग्रह किया गया। जिसमें 357 सैंपल माइक्रोस्कोपी केन्द्र जांच के लिए भेजा गया। जिससे कुल 13 मरीजों में टीबी की पुष्टि हुई।
अभियान के सफल संचालन को लेकर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने घाटशिला प्रखंड के सुदूर क्षेत्र रामचंद्रपुर गांव समेत आसपास के कैम्प का जायजा लेते हुए प्रतिनियुक्त टीम को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही 28 से 30 नवंबर तक चलाए जा रहे इस अभियान का बुधवार आखिरी दिन है। दो दिनों में अब तक 1705 टीबी संभावितों की जांच की गई। जिसमें 14 लोगों में टीबी पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। जबकि उपायुक्त द्वारा अभियान के आखिरी दिन ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिले, इसके लिए उन्होने जनसाधारण से अपील करते हुए अधिकाधिक संख्या में अपने नजदीकी कैम्प में जाकर बलगम संग्रह करवाने की बात भी कही।





